नेशनल हेराल्ड मामले में ED का बड़ा एक्शन, यंग इंडियन के ऑफिस को किया सील

केंद्रीय एजेंसी द्वारा कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ के एक हफ्ते बाद ED ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत मंगलवार को अखबार के बहादुरशाह जफर मार्ग स्थित दफ्तर और 11 अन्य स्थानों पर छापेमारी की थी

अपडेटेड Aug 03, 2022 पर 7:18 PM
Story continues below Advertisement
ED ने इस मामले में हाल में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी से पूछताछ की थी

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नेशनल हेराल्ड मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छापेमारी के एक दिन बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्थित हेराल्ड हाउस में स्थित यंग इंडियन के ऑफिस (Young Indian office) को सील कर दिया है।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ED ने हेराल्ड हाउस में स्थित यंग इंडियन के ऑफिस को सील करते हुए निर्देश दिया कि एजेंसी की अनुमति के बिना परिसर को नहीं खोला जाए। इस बीच मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सोनिया और राहुल गांधी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

ये भी पढ़ें- डिमांड घटने और सप्लाई बढ़ने से 750 रुपये तक लुढ़क सकता है सोयाबीन, जानें एक्सपर्ट की क्या है राय


केंद्रीय एजेंसी द्वारा कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ के एक हफ्ते बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत मंगलवार को नेशनल हेराल्ड अखबार के बहादुरशाह जफर मार्ग स्थित ऑफिस और 11 अन्य स्थानों पर छापेमारी की थी।

इस दौरान सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता हेराल्ड हाउस की इमारत के बाहर जमा हो गए और छापेमारी के विरोध में प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने बताया कि प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की आपराधिक धाराओं के तहत छापे मारे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह पता लगाने के लिए छापेमारी की जा रही है ताकि अतिरिक्त सबूत एकत्र किए जा सकें कि धन का लेन-देन किसके बीच हुआ। ईडी ने इस मामले में हाल में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी तथा कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं से पूछताछ की थी।

कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड अखबार के मुख्यालय समेत उसके कई स्थानों पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी को प्रतिशोध की राजनीति करार देते हुए मंगलवार को कहा कि वह केंद्र सरकार के इस तरह के कदमों से झुकने और डरने वाली नहीं है।

मुख्य विपक्षी पार्टी ने कहा कि कांग्रेस महंगाई एवं बेरोजगारी को लेकर आवाज बुलंद करती रहेगी। कांग्रेस ने यह आरोप भी लगाया कि केंद्र सरकार असल मुद्दों से ध्यान भटकाने और पार्टी की छवि खराब करने के मकसद से यह सब कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।