Ganesh Utsav 2024: एक दुखद दुर्घटना में देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के पास मुलुंड में गणेश मंडल के लिए बैनर लगाने वाले दो वालंटियर्स को एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू ने कुचल दिया। इनमें में से एक प्रीतम थोरात की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। जबकि दूसरे प्रसाद पाटिल की हालत गंभीर बनी हुई है। पाटिल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह टक्कर 7 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे गवनपाड़ा में आकृति टॉवर के पास मुलुंडचा राजा गणेश मंडल मंडप के पास हुई। गणेश मंडल ऐसे समूह हैं जो सार्वजनिक स्थानों पर गणेशोत्सव मनाते हैं।
हादसे के वक्त दोनों वालंटियर थोरात और पाटिल बैनर लटका रहे थे, तभी बीएमडब्ल्यू ने उन्हें टक्कर मार दी। आस-पास के लोगों ने तत्काल सहायता प्रदान की। उन्होंने दोनों पीड़ितों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के तमाम कोशिशों के बावजूद थोरात ने अपनी चोटों के कारण दम तोड़ दिया।
BMW कार का ड्राइवर हादसे के बाद मौके से भाग गया। लेकिन बाद में उसे नवी मुंबई में मुलुंड पुलिस ने पकड़ लिया। मुलुंड (पश्चिम) निवासी शक्ति अलघ की पहचान ड्राइवर के रूप में हुई। अलघ पहले एक कॉल सेंटर में काम करता था। उसने हाल ही में सेकंड-हैंड BMW खरीदी थी। उसने पुलिस के सामने कबूल किया कि वह पिछली रात 10 बजे तक गणेश मंडल में काम कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मदन पाटिल के अनुसार, अलघ ने दावा किया कि वह कई दिनों से ठीक से सो नहीं पा रहा था। हाल ही में सर्विसिंग के बाद उसने अपनी कार को टेस्ट ड्राइव के लिए ले जाने का फैसला किया। पाटिल ने कहा, "वह हिंसक प्रतिक्रिया के डर से मौके से भाग गया। अपनी कार को अपनी बिल्डिंग में पार्क किया और फिर एक बाइक लेकर नवी मुंबई चला गया। आखिरकार उसे खारघर में गिरफ्तार कर लिया गया।"
हालांकि अलघ नशे में नहीं था, लेकिन उसके खून के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस रविवार 8 सितंबर को आरोपी को एक स्थानीय अदालत में पेश करने और उसकी हिरासत का अनुरोध करने की योजना बना रही है।
मुंबई में गणेश उत्सव का जश्न
मुंबई में 2,500 से ज्यादा गणेश मंडल और लाखों परिवार शनिवार 7 सितंबर से 10 दिवसीय गणेश उत्सव मना रहे हैं। बृह्नमुंबई महानगर पालिका (BMC) के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों को गणेश मंडलों से 3,358 आवेदन मिले हैं। शुक्रवार तक 2,635 मंडलों को पंडाल लगाने की अनुमति दी गई है। उन्होंने बताया कि 300 से अधिक आवेदन अभी भी स्वीकृति के लिए लंबित हैं। गणेश मंडल सार्वजनिक स्थानों पर गणेशोत्सव मनाते हैं।
शनिवार को घरों और पंडालों में विधि-विधान से प्रतिमाएं स्थापित की गईं। इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को लोगों को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए इस त्योहार को पर्यावरण-अनुकूल तरीके से मनाने का आग्रह किया। वहीं, गणेश उत्सव के दौरान मुंबई में सुरक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा करीब 15,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि 32 पुलिस उपायुक्त, 45 सहायक आयुक्त, 2,435 अधिकारी, 12,420 कांस्टेबल, होमगार्ड और राज्य रिजर्व पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स और दंगा नियंत्रण इकाई के कर्मी सड़कों पर तैनात रहेंगे।
मुंबई की तीनों मेट्रो लाइन पर, गणेश उत्सव के दौरान अंतिम ट्रेन के परिचालन का समय बढ़ाने का फैसला किया गया है। संचालकों ने कहा कि इससे उन श्रद्धालुओं को मदद मिलेगी जो 10 दिवसीय उत्सव के दौरान रात के समय पंडालों में उमड़ते हैं।