Gujarat Floods: मुंबई-अहमदाबाद ट्रेन बहाल! लेकिन अब भी खतरे के निशान के ऊपर बह रही नर्मदा, 9600 लोगों को किया गया शिफ्ट

Gujarat Floods: नर्मदा नदी का पानी खतरे के निशान से नीचे आने के बाद सोमवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे पुल संख्या 502 पर ट्रेन संचालन बहाल हो गया। रविवार रात करीब 11 बजकर 50 मिनट पर पुल संख्या 502 पर नर्मदा नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर बहने के बाद मुंबई-अहमदाबाद रूट के वडोदरा खंड में भरूच और अंकलेश्वर स्टेशन के बीच ट्रेन सर्विस रोक दिया गया था

अपडेटेड Sep 18, 2023 पर 3:00 PM
Gujarat Floods: IMD ने मंगलवार तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने की भविष्यवाणी की है

Gujarat Floods: गुजरात में भरूच और अंकलेश्वर स्टेशनों के बीच खतरे के निशान से ऊपर बह रही नर्मदा नदी का जलस्तर घटने के बाद मुंबई-अहमदाबाद रूट पर ट्रेन लगभग 12 घंटे बाद सोमवार दोपहर के आसपास फिर से शुरू हो गया। मुंबई-अहमदाबाद रूट पर ट्रेन की आवाजाही रविवार रात से रोक दी गई थी, क्योंकि गुजरात के भरूच और अंकलेश्वर स्टेशन के बीच नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के बाद नर्मदा में आई बाढ़ के कारण 9,600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इस बीच, मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने की भविष्यवाणी की है।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (PRO) सुमित ठाकुर ने स्थिति पर अपडेट जानकारी देते हुए पीटीआई को बताया कि नर्मदा नदी का पानी खतरे के निशान से नीचे आने के बाद सोमवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे पुल संख्या 502 पर ट्रेन संचालन बहाल हो गया। रविवार रात करीब 11 बजकर 50 मिनट पर पुल संख्या 502 पर नर्मदा नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर बहने के बाद मुंबई-अहमदाबाद मार्ग के वडोदरा खंड में भरूच और अंकलेश्वर स्टेशन के बीच ट्रेन सर्विस रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि नदी का जलस्तर अब भी खतरे के निशान से ऊपर है। हालांकि इसमें कमी आना शुरू हो गया है।

अभी धीमी चल रही हैं ट्रेनें


ठाकुर ने कहा कि नर्मदा नदी पुल पर रेल यातायात बहाल हो गया है। हालांकि, ट्रेनें अभी धीमी गति से एहतियात के साथ चल रही हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को ट्रेन से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों को ट्रेन की स्थिति की अपडेट जानकारी दी जा रही है। बाढ़ के कारण रविवार देर रात से नदी के दोनों छोर पर सभी यात्री एवं मालगाड़ियों को रोक दिया गया था।

ठाकुर ने बताया कि ट्रेन में फंसे यात्रियों को जलपान, चाय और पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। पश्चिम रेलवे की एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि बाढ़ के कारण मुंबई-अहमदाबाद तेजस एक्सप्रेस और शताब्दी एक्सप्रेस सहित कम से कम डेढ़ दर्जन ट्रेन रद्द कर दी गई हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को गुजरात के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ आ गई। इस दौरान कई गांवों का संपर्क टूट गया, क्योंकि नर्मदा और अन्य नदियां पूरे उफान पर थीं।

9,600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

पीटीआई के मुताबिक, बाढ़ आने के बाद गुजरात के पांच जिलों के करीब 9,600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जबकि 207 अन्य लोगों को बचाया गया। अहमदाबाद में रविवार शाम छह बजे तक 12 घंटे की अवधि में 76 मिमी बारिश दर्ज की गई जिससे शहर के कई इलाकों में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर ट्रैफिक के लिए अंडरपास को बंद कर दिया।

ये भी पढ़ें- 'आज चारों तरफ भारतवासियों की चर्चा गौरव के साथ हो रही है', पढ़ें- पीएम मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें

इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने पंचमहल, दाहोद, खेड़ा, अरावली, महिसागर, बनासकांठा और साबरकांठा जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें मंगलवार सुबह तक अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। उन्होंने सौराष्ट्र और कच्छ के साथ-साथ गुजरात के पूरे क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। गुरुवार सुबह तक के अपने पूर्वानुमान में IMD ने गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने की भी चेतावनी दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।