Nuh Violence: हरियाणा हिंसा में मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हुई! नूंह में कर्फ्यू लागू, इंटरनेट बंद, गुरुग्राम में भी तनाव

Nuh Violence: पुलिस ने मंगलवार को बताया कि हरियाणा के नूंह जिले में विश्व हिंदू परिषद (VHP) की यात्रा को रोकने की कोशिश करने पर भड़की हिंसा में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। नूंह में हिंसा के बाद दिल्ली से सटे गुरुग्राम के सेक्टर-57 में एक मस्जिद पर भीड़ के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। नूंह जिले में अधिकारियों ने मंगलवार को कर्फ्यू लगा दिया। नूंह में हिंसा के दौरान सोमवार को होमगार्ड के दो जवानों की मौत हो गई थी तथा कई लोग घायल हो गए थे

अपडेटेड Aug 01, 2023 पर 2:33 PM
Nuh Violence: पुलिस ने बताया कि नूंह में हिंसा और गुरुग्राम में मस्जिद पर हमले के बाद सभी धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है

Communal Tension in Haryana: पुलिस ने मंगलवार को बताया कि हरियाणा के नूंह (Nuh Violence) जिले में विश्व हिंदू परिषद (VHP) की यात्रा को रोकने की कोशिश करने पर भड़की हिंसा में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। नूंह में हिंसा के बाद दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-57 में एक मस्जिद पर भीड़ के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि मंगलवार तड़के कथित तौर पर 70-80 लोगों की भीड़ ने मस्जिद में आग लगा दी और नायब इमाम की हत्या कर दी। नूंह जिले में अधिकारियों ने मंगलवार को कर्फ्यू लगा दिया। नूंह में हिंसा के दौरान सोमवार को होमगार्ड के दो जवानों की मौत हो गई थी तथा कई लोग घायल हो गए थे।

गुरुग्राम तक पहुंची हिंसा की आग

पुलिस ने बताया कि नूंह से भड़की हिंसा गुरुग्राम में भी फैल गई और शहर के सेक्टर-57 में भीड़ के हमले में 26 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा एक मस्जिद में आग लगा दी गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भीड़ ने गोलियां चलाईं, जिसके कारण दो लोग घायल हो गए और इनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार निवासी साद के रूप में हुई है।


पुलिस ने बताया कि भीड़ आधी रात के बाद सेक्टर-57 स्थित अंजुमन मस्जिद पहुंची और कुछ लोगों ने मस्जिद में मौजूद लोगों पर गोलीबारी की तथा परिसर में आग लगा दी। नूंह में हिंसा के दौरान सोमवार को घायल हुए दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान होमगार्ड नीरज और गुरसेवक तथा भादस गांव निवासी शक्ति के रूप में हुई है। हिंसा में मारे गए चौथे व्यक्ति की अभी पहचान नहीं हो पाई है।

10 जवान घायल

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, नूंह में हिंसा के दौरान घायल हुए 23 लोगों में 10 पुलिसकर्मी शामिल हैं। पुलिस ने दंगे के संबंध में जिले में 11 FIR दर्ज की हैं और 27 लोगों को हिरासत में लिया है। जिले में हिंसा के दौरान कम से कम 120 गाड़ियां क्षतिग्रस्त कर दिए गए। इनमें से पुलिसकर्मियों के आठ वाहनों समेत 50 वाहनों को आग लगा दी गई।

साजिश की आशंका

हरियाणा के गृह मंत्री ने अनिल विज ने आरोप लगाया कि यह हिंसा साजिश के तहत की गई। विज ने मंगलवार को बताया कि नूंह जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हिंसा साजिश के तहत की गई। विज ने पीटीआई से कहा, "किसी ने इसकी (हिंसा की) साजिश रची, लेकिन मैं किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहता। हम इसकी जांच करेंगे और इसके लिए जिम्मेदार हर व्यक्ति को न्याय के दायरे में लाया जाएगा।" मुस्लिम बहुल नूंह में हिंसा की खबर फैलते ही, निकटवर्ती सोहना में भीड़ ने स्पष्ट रूप से इस समुदाय के लोगों के चार वाहनों और एक दुकान को आग लगा दी।

नूंह और सोहना में हालात तनावपूर्ण

पुलिस ने बताया कि नूंह और सोहना में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। हालांकि, मंगलवार को ताजा हिंसा की कोई खबर नहीं आई। एक अधिकारी ने कहा कि कि नूंह और अन्य प्रभावित इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि नूंह में हालात काबू में हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय बलों की 13 कंपनी जिले में पहुंच चुकी हैं, जबकि छह अन्य जल्द ही वहां पहुंच जाएंगी। पुलिस ने नूंह में फ्लैग मार्च शुरू कर दिया है और जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

ये भी पढ़ें- PM Modi in Pune: पीएम मोदी को लोकमान्य तिलक पुरस्कार से किया गया सम्मानित, NCP में दरार के बाद पहली बार एक साथ नजर आए शरद और अजित पवार

नूंह और फरीदाबाद में इंटरनेट बंद

नूंह और फरीदाबाद में बुधवार तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल जिलों में शैक्षणिक संस्थानों को एहतियात के तौर पर मंगलवार को बंद रखने का आदेश दिया गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को कहा कि घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।