VIDEO: 'बच गयो फौजी...': MiG-29 के पायलट की मदद के लिए दौड़ पड़े लोग, बोले- हमारा गांव बचा लिया

IAF Mig-29 fighter crashes: भारतीय वायुसेना ने कहा कि विमान ने पंजाब के आदमपुर से उड़ान भरी थी और एक्सरसाइज के लिए आगरा जा रहा था, तभी सिस्टम में खराबी आ गई, जिसके बाद पायलट को विमान को इस तरह मोड़ना पड़ा कि जमीन पर जान-माल को कोई नुकसान न पहुंचे। फिर वह सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकल गया

अपडेटेड Nov 05, 2024 पर 12:36 PM
Story continues below Advertisement
IAF Mig-29 fighter crashes: पायलट को पैराशूट से उतरते हुए देखा गया, जहां लोग उसकी मदद के लिए दौड़े

IAF Mig-29 fighter crashes: भारतीय वायुसेना (IAF) का एक मिग-29 लड़ाकू विमान सोमवार (4 नवंबर) को एक नियमित एक्सरसाइज उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी की वजह से उत्तर प्रदेश के आगरा के पास एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले उसका पायलट विमान से सुरक्षित निकलने में सफल रहा और जमीन पर भी कोई भी हताहत नहीं हुआ है। स्थानीय निवासियों द्वारा बनाए गए वीडियो में विमान को सुनेगा गांव में जमीन पर गिरते हुए और आग की लपटों में घिरते हुए देखा जा सकता है। पायलट को पास के बहा गांव में पैराशूट से उतरते हुए देखा गया, जहां लोग उसकी मदद के लिए दौड़े।

भारतीय वायुसेना ने कहा कि पायलट ने यह सुनिश्चित किया कि विमान के जमीन पर गिरने से जान-माल को कोई नुकसान न हो और फिर वह विमान से सुरक्षित बाहर निकल गया। उसने कहा कि साथ ही दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए 'कोर्ट ऑफ इंक्वायरी' के आदेश दे दिए गए हैं।

वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के अपने आधिकारिक अकाउंट पर जानकारी दी, "भारतीय वायुसेना का एक मिग-29 विमान आज नियमित एक्सरसाइज उड़ान के दौरान सिस्टम में आई खराबी की वजह से आगरा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पायलट ने सुनिश्चित किया कि जमीन पर जान-माल को कोई नुकसान न पहुंचे, फिर वह सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकल गया। दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए भारतीय वायुसेना ने जांच के आदेश दे दिए हैं।"


दुर्घटना स्थल के पास बड़ी संख्या में लोग उत्सुकतावश एकत्रित हो गए। बाद में सैन्य कर्मियों ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी। दुर्घटनास्थल के निकट स्थित नौरंगपुर गांव निवासी निशु पचौरी ने पीटीआई को बताया, "मैंने तेज आवाज सुनी और जब मैं अपने घर से बाहर निकलकर खेतों की ओर भागा तो मैंने आग की लपटें देखीं।" घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कहा कि पायलट ने हमारे पूरे गांव को बचा लिया।

वायरल वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए। 11 सेकंड के इस वीडियो में विंग कमांडर पैराशूट से नीचे उतरे दिख रहे हैं। पैराशूट नीचे उतरते समय खेत से पेड़ों की ओर चला गया। तब तक गांव के लोग वहां पहुंच गए। वीडियो में लोग बोलते सुनाई दे हैं, "बच गयो.. बच गयो.. फौजी..."। यह बोलते हुए वे भागकर पैराशूट की ओर पहुंच जाते हैं और पायलट की मदद करते हैं।

ये भी पढ़ें- Meesho पर गैंगस्टर का महिमामंडन करने का आरोप, धड़ल्ले बिक रहे हैं लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर वाले टी-शर्ट

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कुछ तस्वीरें और वीडियो सामने आईं, जिनमें दुर्घटनाग्रस्त विमान का ढांचा आग की लपटों में घिरा हुआ दिखाई दे रहा है और धुएं का गुब्बार उठ रहा है। इससे पहले दो सितंबर को राजस्थान के बाड़मेर में गंभीर तकनीकी खामी की वजह से वायुसेना का एक अन्य मिग-29 दुर्घनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में पायलट सुरक्षित निकल आया था और जान-माल की कोई हानि नहीं हुई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।