India-Maldives Row: भारत और मालदीव्स के बीच इस समय काफी तनावपूर्ण संबंध चल रहे हैं। एक ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी ईजमायट्रिप (EaseMyTrip) ने तो मालदीव्स के फ्लाइट्स की बुकिंग बंद कर दी और जो भी बुकिंग हुई थीं, उन्हें रद्द भी कर दिया। हालांकि भारतीय विमानन कंपनियां उड़ानों की संख्या में कटौती पर विचार नहीं कर रही हैं। मनीकंट्रोल को यह जानकारी कई एयरलाइन के टॉप एग्जेक्यूटिव्स ने दी। वहीं सरकार ने भी एयरलाइन कंपनियों को अभी फ्लाइट्स में कटौती से जुड़ा कोई निर्देश नहीं दिया है। हालांकि विमान कंपनियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
विस्तारा (Vistara) के चीफ कॉमर्शियल ऑफिसर दीपक राजावत का कहना है कि मालदीव्स की कोई उड़ान अब तक रद्द नहीं की गई है और मांग पर नजर रखी जाएगी। इसी प्रकार देश की सबसे बड़ी विमान कंपनियों में शुमार इंडिगो (IndiGo) के टॉप एग्जेक्यूटिव का कहना है कि मालदीव की कोई भी उड़ान रद्द नहीं की जा रही है और भारतीय नागरिकों की तरफ से मालदीव्स की टिकट रद्द करने का कोई रुझान भी नहीं दिख रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 36 घंटे में मालदीव्स के लिए बुकिंग में तेज गिरावट आई है।
एयर इंडिया के एग्जेक्यूटिव्स का कहना है कि अभी तक भारत सरकार ने विमान कंपनियों को उड़ानों की संख्या में कटौती के लिए नहीं कहा है। उनका यह भी कहना है कि मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति के बावजूद दोनों देशों के बीच व्यापार मजबूत बना रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि एयर इंडिया सरकार के साथ है और इस पूरी स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी। एविएशन मिनिस्टर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज कहा कि सरकार ने विमान कंपनियों को इस मामले में अभी कोई कदम उठाने को नहीं कहा है।
इस हफ्ते कितनी हैं फ्लाइट्स
अब बात करें तो कितनी उड़ाने मालदीव्स के लिए हैं तो भारतीय विमान कंपनियों के इस हफ्ते 48 फ्लाइट्स हैं तो मालदीव्स के विमान कंपनियों की दोनों देशों के बीच 10 उड़ाने हैं। एविएशन एनालिटिक्स कंपनी सिरिकम (Ciricum) के डेटा के मुताबिक इंडिगो की इस हफ्ते मालदीव्स के लिए 28, विस्तारा की 7, स्पाइसजेट की 7 और एयर इंडिया की 6 उड़ाने हैं। एयर इंडिया और विस्तारा की उड़ानें माले से दिल्ली और मुंबई के बीच हैं जबकि इंडिगो की फ्लाइट्स बंगलुरु, मुंबई, दिल्ली, कोचि और हैदराबाद से माले के लिए जाती हैं। वहीं मालदीव्स की विमान कंपनियां माले से बंगलुरु, त्रिवेंद्रम और कोचि के बीच फ्लाइट्स ऑपरेट करती हैं।