जम्मू-कश्मीर (J&K) में भारतीय सेना और पुलिस के तीन अधिकारियों के शहीद होने के बाद भारत सरकार ने एक बार फिर साफ किया है कि सीमा पार से आतंकवाद और घुसपैठ समाप्त होने तक पाकिस्तान के साथ कोई भी द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज (Bilateral cricket with India-Pakistan) नहीं होगी। बता दें कि आतंकवाद की वजह से भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार लगातार तनाव की स्थिती बनी हुई है। इस तनाव के चलते भारत-पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज भारतीय सरजमीं पर साल 2012-13 में खेली गई थी। यही वजह है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को वर्ल्ड टूर्नामेंट के लिए भारत आने के लिए अभी तक उनकी सरकार से आधिकारिक मंजूरी नहीं मिली है।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने शुक्रवार को कहा कि BCCI ने बहुत पहले ही तय कर लिया था कि जब तक पाकिस्तान भारत में सीमा पार आतंकवाद और घुसपैठ नहीं रोकता, तब तक उसके साथ कोई द्विपक्षीय क्रिकेट नहीं होगा। दोनों पड़ोसियों के बीच बढ़े हुए राजनयिक तनाव के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट संबंध वर्षों से निलंबित हैं। दोनों टीमें केवल ICC और महाद्वीपीय आयोजनों में मैच खेलती हैं।
न्यूज 18 के मुताबिक, एक सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा, "जहां तक खेल का सवाल है, बीसीसीआई ने बहुत पहले ही फैसला कर लिया था कि पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय मैच तब तक नहीं होंगे जब तक वे घुसपैठ और सीमा पार आतंकवाद नहीं रोकते।" BCCI के पूर्व अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि मुझे लगता है कि यह इस देश के हर आम नागरिक की भावना है।
श्रीलंका में दोनों टीमों के बीच मैच जारी
हाल ही में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान सेना के एक कर्नल, एक मेजर और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक DSP के शहीद होने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंध फिर से चर्चा में है। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम इस समय श्रीलंका में है, जहां वे एशिया कप 2023 में हिस्सा ले रहे हैं। मौजूदा टूर्नामेंट में वे दो बार पाकिस्तान से भिड़ चुके हैं।
एशिया कप 2023 मूल रूप से पूरी तरह से पाकिस्तान में आयोजित किया जाना था। लेकिन बीसीसीआई ने कहा कि वह भारत सरकार से अनुमति नहीं मिलने के कारण अपनी टीम नहीं भेज सकता। इसके जवाब में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारत में होने वाले 2023 वनडे विश्व कप का बहिष्कार करने की धमकी दी। हालांकि, एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) अंततः एक हाइब्रिड मॉडल पर पहुंची, जिसके अनुसार कुछ मैच पाकिस्तान में खेले जाने थे, जबकि शेष श्रीलंका में होंगे।
दक्षिण कश्मीर जिले के कोकेरनाग इलाके के गडोले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में बुधवार सुबह सेना की 19 राष्ट्रीय राइफल्स इकाई के कमांडिंग अधिकारी कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष ढोचक, जम्मू-कश्मीर पुलिस के DSP हुमायूं भट्ट के साथ ही एक सैनिक भी शहीद हो गया था। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पहाड़ी इलाके के जंगलों में छुपे आतंकवादियों को पकड़ने के लिए चल रहा यह अभियान तीसरे दिन भी जारी है।