Make in India: स्मार्टफोन बनाने वाली चीन की मशहूर कंपनी शाओमी (Xiaomi Inc.) की सप्लायर डिक्सन टेक्नोलॉजीज इंडिया लिमिटेड (Dixon Technologies India Ltd.) भारत में एक विशाल नई फैक्ट्री खोलने जा रही है। बताया जा रहा है कि प्लांट नई दिल्ली (Delhi-NCR) के बाहरी इलाके में खोले जाएंगे। बता दें कि भारत चीनी टेक कंपनियों पर लोकल असेंबलिंग फर्म के साथ मिलकर काम करने करने के लिए दबाव डाल रही है। ऐसे में शाओमी की सप्लायर कंपनी Dixon Technologies ने 'मेक इन इंडिया' के तहत भारत में एक नई फैक्ट्री खोलेगी।
मामले से परिचित लोगों ने Bloomberg को बताया कि डिक्सन फैक्ट्री में तीन सालों के दौरान 4 अरब रुपये ($48.2 million) से ज्यादा का निवेश करेगी। प्लांट 300,000 वर्ग फुट से ज्यादा या छह फुटबॉल मैदानों के आकार में फैली होगी। कंपनी यहां बड़े पैमाने पर Xiaomi स्मार्टफोन का प्रोडक्शन करेगी। सूत्रों ने कहा कि इस महीने के अंत में एक सरकारी अधिकारी द्वारा इस प्लांट का उद्घाटन किया जाएगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि चीनी कंपनी Xiaomi को स्मार्टफोन असेंबलिंग के लिए Dixon के साथ साझेदारी करने के लिए मजबूर होना पड़ा है, क्योंकि भारत सरकार चीनी कंपनियों पर मैन्युफैक्चरिंग से लेकर डिवाइस के डिस्ट्रीब्यूशन तक सब कुछ लोकलाइज करने के लिए दबाव डाल रही है। इसका मतलब है कि भारत में Xiaomi के पुराने सप्लायर ताइवान के फॉक्सकॉन टेक्नोलॉजी ग्रुप के स्वामित्व वाली कंपनी Bharat FIH और चीन की DBG टेक्नोलॉजी कंपनी DBG Technology Co. के साथ कारोबार गंवाने के लिए तैयार हैं।
हालांकि, Xiaomi और Dixon दोनों की तरफ से खबर लिखे जाने तक इसके बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस साल की शुरुआत में Xiaomi ने अपने ब्लूटूथ नेकबैंड इयरफोन बनाने के लिए भारत की ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (Optiemus Electronics Ltd.) के साथ करार किया था। इसके पहले Xiaomi इसे चीन से आयात कर भारत में बेचती थी।
Xiaomi एक समय भारतीय स्मार्टफोन मार्केट को लीड करती थी। लेकिन कड़ी नियामक जांच का सामना करने और अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का अत्यधिक विस्तार करने के बाद कंपनी ने अपनी ताकत खो दी। इसकी वजह यह भी रही कि इसका प्रोडक्ट पोर्टफोलियो इतना बढ़ गया था कि इसके ग्राहक भ्रमित होने लगे।