Jammu-Kashmir: कुलगाम से सेना का जवान रहस्यमय तरीके से लापता, कार में मिले खून के निशान, सर्च ऑपरेशन जारी

Army soldier Missing: 25 वर्षीय जवान उस समय लापता हो गया जब वह चौलगाम में खरीदारी करने के लिए निकला था। उनकी ऑल्टो कार को स्थानीय पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। जवान की कार को पारनहाल से बरामद किया गया है। कार में उसकी एक चप्पल और उसके द्वारा खरीदा गया किराने का सामान भी मिला है। साथ ही कार से खून के कतरे भी मिले हैं

अपडेटेड Jul 30, 2023 पर 2:27 PM
Story continues below Advertisement
Javed Ahmad Wani: बीजेपी नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि यह निर्दोष लोगों को निशाना बनाने के लिए आतंकवादियों की एक नई रणनीति है

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम (Army soldier Missing in Kulgam) जिले से सेना के एक जवान के रहस्यमय तरीके से लापता होने की खबर सामने आ रही है। अधिकारियों ने बताया कि कुलगाम जिले के अचथल इलाके के रहने वाले जावेद अहमद वानी (Javed Ahmad Wani Missing) शनिवार शाम को लापता हो गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, वानी लद्दाख क्षेत्र में तैनात थे और फिलहाल छुट्टी पर थे। वह ईद के त्योहार पर छुट्टी लेकर घर आए हुए थे। उन्होंने बताया कि वानी की कार शनिवार शाम को पारनहॉल में मिली। वह अपनी ऑल्टो कार में सवार होकर घर से निकले थे।

कार में मिले खून के धब्बे

अधिकारियों के अनुसार, लापता सैनिक का पता लगाने के लिए सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर तलाश अभियान शुरू किया है। परिवार ने आतंकियों द्वारा जवान के अपहरण किए का दावा किया है। न्यूज 18 के मुताबिक, एजेंसियों को लापता जवान की कार में खून के धब्बे मिले हैं।


बताया जा रहा है कि शानिवार शाम के समय सेना का जवान घर से कुछ सामान खरीदने निकला था, इसके बाद से ही वह लापता है। अभी तक कोई भी उसके लापता होने या उसके अपहरण के पीछे की असली वजह की पुष्टि नहीं कर सका है। शनिवार देर रात तक जब वह घर वापस नहीं आया तो पड़ोसियों और गांव के अन्य लोगों ने मिलकर उसकी खोजबीन शुरू की। इसके बाद सेना को इसके बारे में जानकारी दी गई।

खरीदारी करने निकला था जवान

सूत्रों के मुताबिक, कुछ स्थानीय लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। 25 वर्षीय जवान उस समय लापता हो गया जब वह चौलगाम में खरीदारी करने के लिए निकला था। उनकी ऑल्टो कार को स्थानीय पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। जवान की कार को पारनहाल से बरामद किया गया है। कार में उसकी एक चप्पल और उसके द्वारा खरीदा गया किराने का सामान भी मिला है। साथ ही कार से खून के कतरे भी मिले हैं।

BJP बोली- आरोपियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

बीजेपी नेता अल्ताफ ठाकुर ने एक वीडियो में कहा कि यह निर्दोष लोगों को निशाना बनाने के लिए आतंकवादियों की एक नई रणनीति है। उन्होंने कहा, ''हम सैनिक के अपहरण के लिए जिम्मेदार लोगों को ढूंढेंगे और उन्हें दंडित किया जाएगा।'' ठाकुर ने कुलगाम में छुट्टी पर आए एक युवा सैनिक का अपहरण करने वाले 'आतंकवादियों के कायरतापूर्ण कृत्य' की कड़ी निंदा की। ठाकुर ने कहा, "G20 के सफल आयोजन, शांतिपूर्ण मुहर्रम जुलूस और कश्मीर में शांतिपूर्ण माहौल से निराश पड़ोसी देश आतंकवादियों के माध्यम से अपनी उपस्थिति दिखाने की कोशिश कर रहा है।"

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ हताशा से उपजी एक असफल कोशिश है। ठाकुर ने पुलिस के शीर्ष अधिकारियों से इसमें शामिल लोगों का पता लगाने और लापता सैनिक को सुरक्षित घर वापस लाने का अनुरोध किया। सेना और पुलिस ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है और वे इलाके की जांच कर रहे हैं। वानी के पड़ोसियों ने उसके परिवार को सूचित किया कि उसकी कार सड़क पर खड़ी है और उसकी खिड़कियां खुली हुई हैं। एजेंसियां इस मामले के पीछे की असली वजह का आकलन करने की कोशिश कर रही हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।