Powerful Passports 2022: बिना वीजा के 60 देशों की यात्रा कर सकते हैं भारतीय, जानें पाकिस्तान की क्या है स्थिति?

इस साल की जारी पासपोर्ट रैंकिंग 2022 के मुताबिक जापान ने शीर्ष स्थान हासिल किया है, जबकि भारत 87वें स्थान पर बना हुआ है। वहीं, पाकिस्तान का पासपोर्ट इस लिस्ट में नीचे से चौथे नंबर पर है

अपडेटेड Jul 21, 2022 पर 1:44 PM
जापान, सिंगापुर और साउथ कोरिया का पासपोर्ट सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट के तौर पर उबरा है

भारत के लोग दुनिया के 60 देशों में बिना वीजा या वीजा-ऑन-अराइवल (Visa-free or visa-on-arrival access) के जरिए यात्रा कर सकते हैं। 'हेनली पासपोर्ट इंडेक्स 2022' में (Henley Passport Index of 2022)' ने साल 2022 के लिए पूरी दुनिया के पावरफुल पासपोर्ट की रैंकिंग जारी की है। इसमें भारत समेत दुनिया के सभी 199 देशों के शक्तिशाली और कमजोर पासपोर्ट की जानकारी दी गई है।

ये भी पढ़ें- ED दफ्तर पहुंचीं सोनिया गांधी! नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में होगी पूछताछ, कांग्रेस कर रही है देशव्यापी प्रदर्शन

हेनले पासपोर्ट इंडेक्स द्वारा जारी अपडेट रैंकिंग के अनुसार, जापान (Japan), सिंगापुर (Singapore) और साउथ कोरिया (South Korea) के पास दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट हैं। जापानी पासपोर्ट धारक बिना किसी परेशानी के 193 देशों में जा सकते हैं, यह आंकड़ा सिंगापुर और साउथ कोरिया से एक अधिक है। सिंगापुर और साउथ कोरिया के लोग बिना वीजा के 192 देशों में जा सकते हैं। जापान लगातार पांचवें साल सबसे शक्तिशाली बना हुआ है।


60 देशों में वीजा फ्री एंट्री कर सकते हैं भारतीय

भारतीय पासपोर्ट 87वें स्थान पर है। भारतीय पासपोर्ट धारक बिना किसी परेशानी के 60 देशों में जा सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर से प्रतिबंध हटने से पासपोर्ट को मजबूती मिली है। कोविड-19 प्रसार को रोकने के लिए भारत ने मार्च, 2020 में कोरोना वायरस महामारी के फैलने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को निलंबित कर दिया था। इस साल मार्च में दो साल की अवधि के बाद प्रतिबंध हटा लिया गया था।

पाकिस्तान का बुरा हाल

पावरफुल पासपोर्ट की इस रैंकिंग में पाकिस्तानी पासपोर्ट का हाल बहुत ही बुरा है। पाकिस्तानी पासपोर्ट दुनिया में चौथा सबसे खराब पासपोर्ट बना हुआ है। यह एक साल पहले से अपनी स्थिति नहीं बदल रहा है। 2022 के हेनले पासपोर्ट इंडेक्स के अनुसार, पाकिस्तानी पासपोर्ट रखने वाले लोग सिर्फ 32 देशों में वीजा फ्री जा सकते हैं। पाकिस्तानी पासपोर्ट धारक केवल सीरिया (30), ईराक (29) और अफगानिस्तान (27) से ही बेहतर है।

ये भी पढ़ें- Sri Lanka Crisis: 6 बार प्रधानमंत्री रह चुके रानिल विक्रमसिंघे ने ली श्रीलंका के नए राष्ट्रपति के रूप में शपथ

पाकिस्तान के अलावा पासपोर्ट रैंकिंग में एशिया के अन्य देशों की बात करें तो चीन 69वें नंबर पर है। चीनी पासपोर्ट धारी 80 देशों में वीजा फ्री जा सकते हैं। वहीं, बांग्लादेश की रैंकिंग 104 है, जो पाकिस्तान से 5 अंक ऊपर है। उत्तर कोरिया का पासपोर्ट भी पाकिस्तान से मजबूत है। उत्तर कोरिया की रैंकिंग 105 है। इसके नागरिक 40 देशों में बिना वीजा के यात्रा कर सकते हैं। इस लिस्ट में रूस की रैंकिंग 50 और श्रीलंका की रैंकिंग 103 है।

अमरिकी पासपोर्ट

इस लिस्ट में ब्रिटेन छठे स्थान पर है। ब्रिटिश पासपोर्ट से 187 देशों में जाया जा सकता है। वहीं, अमेरिका इस लिस्ट में सातवें स्थान पर है। अमेरिकी पासपोर्ट धारक को 186 देशों में बिना वीजा के जाने की अनुमति देता है। हेनले एंड पार्टनर्स के चेयरमैन क्रिश्चियन केईलिन ने एक बयान में कहा कि यात्रा की आजादी की वापसी और हमारी आने-जाने और माइग्रेट करने की इच्छा को लौटने में अभी वक्त लगेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।