Indians illegally migrate Row: पंजाब सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर में 40 ट्रैवल एजेंटों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। ये ट्रैवल एजेंट कथित तौर पर उन भारतीय नागरिकों को अवैध रूप से अमेरिका भेजने में शामिल थे, जिन्हें हाल ही में ट्रंप सरकार ने डिपोर्ट किया था। India Today TV की रिपोर्ट के मुताबिक, फर्जी ट्रैवल एजेंटों पर यह कार्रवाई अमृतसर की डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी के आदेश पर की गई। अमृतसर पुलिस ने शहर के 271 ट्रैवल एजेंटों को भी नोटिस जारी किया है जो अपने लाइसेंस का रिन्यू करने में विफल रहे हैं।
सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) को ट्रैवल एजेंटों और इमिग्रेशन कंसल्टेंट के दफ्तरों में दस्तावेजों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। जिला पुलिस को ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ किसी भी शिकायत के मामले में तुरंत डिप्टी कमिश्नर के कार्यालय को सूचित करने के लिए कहा गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रैवल एजेंटों को अपने कार्यालयों में उचित रिकॉर्ड रखने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि वे अधूरे दस्तावेजों के साथ काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फर्जी ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एजेंटों के खिलाफ जल्द ही और कार्रवाई होगी। सूत्रों ने इंडिया टुडे टीवी को बताया कि आने वाले दिनों में बेईमान एजेंटों के खिलाफ और कार्रवाई की जाएगी।
इंडिया टुडे से बातचीत में ADGP प्रवीण सिन्हा ने कहा, "131 लोगों (पंजाब से) को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है। इनमें से 127 को अमेरिकी सैन्य प्लेन से वापस लाया गया। जबकि 4 कल अमृतसर पहुंचे। इन 131 में से केवल 17 लोग शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे आए हैं। 17 मामले दर्ज किए गए हैं। जबकि 3 ट्रैवल एजेंटों को गिरफ्तार किया गया है।"
पंजाब सरकार ने राज्य में सक्रिय धोखाधड़ी करने वाले ट्रैवल एजेंटों पर नकेल कसने के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। एडीजीपी प्रवीण सिन्हा की अध्यक्षता वाली एसआईटी ऐसे एजेंटों का पता लगाने के लिए लगातार काम कर रही है।
सिन्हा ने कहा, "पंजाब भर में ट्रैवल एजेंटों के कागजी काम की पूरी तरह से जांच की जा रही है। लोगों को अवैध रूप से जाने का प्रयास न करने के लिए जागरूकता फैलाई जा रही है। उन्हें उचित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।"
पनामा से 4 और लोग पहुंचे अमृतसर
पंजाब के रहने वाले चार और निर्वासित लोग रविवार को अमृतसर पहुंचे। ये चारों लोग उन 12 अवैध भारतीय प्रवासियों में शामिल हैं जिन्हें पनामा के रास्ते अमेरिका से लाया गया है। साक्षी साहनी ने उनके पहुंचने की पुष्टि करते हुए पीटीआई को बताया कि वे गुरदासपुर, पटियाला और जालंधर जिलों के रहने वाले हैं।
उन्होंने बताया कि वे दिल्ली से एक कमर्शियल फ्लाइट के जरिए श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे। सूत्रों ने बताया कि हरप्रीत सिंह और मनिंदर दत्त गुरदासपुर के रहने वाले हैं। जबकि जुगराज सिंह जालंधर के रहने वाले हैं। वहीं, जतिंदर सिंह पटियाला जिले के नाभा के रहने वाले हैं।
इससे पहले अवैध प्रवासियों के खिलाफ डोनाल्ड ट्रंप सरकार की कार्रवाई के बीच पांच, 15 और 16 फरवरी को सैन्य विमान से अवैध भारतीय प्रवासियों के तीन जत्थों को अमेरिका से वापस भेजा गया था। इसके बाद भारत सरकार ने सभी राज्यों से फर्जी ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए थे।