76th Republic Day celebrations: इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार (25 जनवरी) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से आयोजित भोज में बॉलीवुड का गाना 'कुछ कुछ होता है...' गाकर सबका दिल जीत लिया। भारत के 76वें गणतंत्र दिवस के मौके पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो इस बार मुख्य अतिथि के तौर पर नई दिल्ली आए हैं। 25 जनवरी की शाम राष्ट्रपति भवन में दिए गए डिनर पर इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल ने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान का मशहूर फिल्म 'कुछ-कुछ होता है' का टाइटल सॉन्ग गाया। प्रतिनिधिमंडल में इंडोनेशिया के कई मंत्री शामिल थे।
उन्होंने राष्ट्रपति भवन में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के सम्मान में यह गाना गाया। न्यूज एजेंसी ANI द्वारा शेयर किए गए इस खास पल के वीडियो में इंडोनेशियाई मंत्री पारंपरिक टोपी और सूट पहनकर इस गाने को गाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस गाने को उदित नारायण और अलका याग्निक ने गाया है। एक्ट्रेस काजोल, रानी मुखर्जी और बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान पर फिल्माया गया था।
गणतंत्र दिवस समारोह से पहले शनिवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुबियांतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इसमें दोनों नेताओं ने राजनीतिक, रक्षा और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई. इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने भारत और इंडोनेशिया के मजबूत संबंधों की प्रतिबद्धता जताई।
राष्ट्रपति द्रौपदी, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, प्रधानमंत्री मोदी तथा कई अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में रविवार को देश के 76वें गणतंत्र दिवस पर परेड समारोह कर्तव्य पथ पर शुरू हुआ। राष्ट्रपति मुर्मू ने तिरंगा फहराया और फिर राष्ट्रगान की धुन बजाई गई। मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सहित वहां मौजूद सभी गणमान्य लोगों ने झंडे को सलामी दी।
परेड समारोह के लिए मुर्मू और सुबियांतो पारंपरिक बग्गी में सवार होकर कर्तव्य पथ पहुंचे। यह परंपरा 40 साल के अंतराल के बाद 2024 में फिर से शुरू की गई थी। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो इस साल के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि हैं।
इसके साथ ही वह विश्व के उन चुनिंदा नेताओं की लिस्ट में शुमार हो गए जिन्होंने पिछले सात दशकों में देश के सबसे बड़े समारोह की शोभा बढ़ाई है। सुबियांतो गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले इंडोनेशिया के चौथे राष्ट्रपति हैं। इंडोनेशिया के पहले राष्ट्रपति सुकर्णो 1950 में भारत के पहले गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे।
इससे पहले भी कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारतीय लोकतंत्र के इस जश्न में का हिस्सा बन चुके हैं। इनमें दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और ईरान के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद खातमी प्रमुख हैं।
पिछले साल फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि थे, जबकि मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी ने 2023 में इस अवसर की शोभा बढ़ाई थी। कोविड-19 महामारी के मद्देनजर 2021 और 2022 में गणतंत्र दिवस समारोह पर कोई मुख्य अतिथि नहीं था।