iPhone Delivery Murder in UP: उत्तर प्रदेश से मोबाइल फोन हड़पने को लेकर एक डिलीवरी ब्वॉय की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यूपी की राजधानी लखनऊ में Flipkart के एक युवा डिलीवरी ब्वॉय की दो लोगों ने कथित तौर पर आईफोन के लिए हत्या कर दी और उसका शव इंदिरा नहर में फेंक दिया। 30 वर्षीय मृतक डिलीवरी एजेंट की पहचान भरत साहू के तौर पर हुई है। उसकी 23 सितंबर को आरोपी गजानन और उसके साथी आकाश ने हत्या कर दी थी। इसके बाद दोनों ने उसके शव को इंदिरा नहर में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार यह मामला तब सामने आया जब पुलिस की एक टीम करीब लापता 'डिलीवरी ब्वॉय' के मामले की जांच कर रही थी।
फ्लिपकार्ट के डिलीवरी एजेंट की कथित तौर पर उस समय हत्या कर दी गई जब वह एक ग्राहक को आईफोन डिलीवर कर रहा था। फोन के लिए ग्राहक को उसे ₹1.5 लाख का भुगतान करना था। पीड़ित की कथित तौर पर ग्राहक और उसके दोस्त ने हत्या कर दी। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (DCP) शशांक सिंह के अनुसार, चिनहट निवासी गजानन ने फ्लिपकार्ट से कैश ऑन डिलीवरी (cash on delivery) पर करीब 1.5 लाख रुपये का आईफोन (iPhone) मंगवाया था। उन्होंने पीटीआई को बताया, "23 सितंबर को निशातगंज निवासी भरत साहू फोन देने उसके घर गया था, जहां गजानन और उसके साथी ने भरत की हत्या कर दी। उन्होंने भरत की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर शव को बोरे में भरकर इंदिरा नहर में फेंक दिया।"
25 सितंबर को हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, मृतक भरत साहू की 23 सितंबर को आरोपी गजानन और उसके साथी आकाश ने हत्या कर दी थी। भरत साहू के घर नहीं लौटने पर उसके परिजनों ने 25 सितंबर को चिनहट थाने में इस संबंध में गुमशुदगी की FIR दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित के लोकेशन और कॉल डिटेल्स की जांच करते हुए गजानन का नंबर ढूंढ निकाला। इसके बाद सोमवार 30 सितंबर को उसके दोस्त आकाश को हिरासत में ले लिया।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आकाश ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस को अभी तक शव नहीं मिला है। अधिकारी ने बताया, "राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) नहर में भरत का शव खोजने की कोशिश कर रहा है।"
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब डिलीवरी कर्मचारियों को निशाना बनाया गया है। इससे पहले 2021 में बेंगलुरु में एक ऑनलाइव डिलीवरी कर्मचारी की लूट के प्रयास में हत्या कर दी गई थी। वहीं, 2022 में नोएडा में एक डिलीवरी एजेंट को पैमेंट विवाद को लेकर ग्राहकों द्वारा चाकू घोंपकर मार डाला गया था।