'उस रात फूट-फूट कर रोने लगे धोनी', हरभजन सिंह ने पहली बार किया IPL की अनसुनी कहानी का खुलासा

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का हिस्सा रह चुके पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने 2008 का किस्सा शेयर करते हुए कहा कि धोनी टीम डिनर के दौरान काफी भावुक हो गए, क्योंकि उन्हें CSK से काफी लगाव है। भज्जी ने कहा कि धोनी टीम के कई अन्य खिलाड़ियों के सामने अपने इमोशंस पर काबू नहीं कर पाए। उस वक्त धोनी टीम के कई खिलाड़ियों से घिरे थे, लेकिन अपने आंसू नहीं रोक पाए और रोने लगे

अपडेटेड May 23, 2023 पर 7:13 PM
धोनी 2008 से ही CSK की कमान संभाल रहे हैं। उन्होंने 4 बार टीम को IPL की खिताबी जीत दिलाई है

IPL 2023: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का हिस्सा रह चुके पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सिंह ने साल 2018 की उस अनसुनी कहानी को याद किया जब उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) को पहली बार रोते देखा। तीन साल के लिए चेन्नई सुपर किंग्स में धोनी के साथ खेलने वाले हरभजन ने कहा कि CSK के दो साल के प्रतिबंध के बाद जब फिर टीम की IPL में वापसी हुई तो उन्होंने एमएस धोनी को रात के डिनर में रोते हुए देखा। महान विकेटकीपर-बल्लेबाज धोनी ने अपने IPL करियर की शुरुआत CSK के साथ की थी। लेकिन साल 2015 में हुए स्पॉट फिक्सिंग के चलते 2016 और 2017 के सीजन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स पर प्रतिबंध लगने के बाद वह कुछ सीजन के लिए राइजिंग पुणे सुपरजायंट में शामिल हो गए।

अनुभवी स्पिनर ने 2008 का किस्सा शेयर करते हुए कहा कि धोनी टीम डिनर के दौरान काफी भावुक हो गए, क्योंकि उन्हें CSK से काफी लगाव है। भज्जी ने कहा कि धोनी टीम के कई अन्य खिलाड़ियों के सामने अपने इमोशंस पर काबू नहीं कर पाए। उस वक्त धोनी टीम के कई खिलाड़ियों से घिरे थे, लेकिन अपने आंसू नहीं रोक पाए और रोने लगे।

स्टार स्पोर्ट्स पर कमेंट्री कर रहे हरभजन ने कहा, "एक कहानी है जिसे मैं साझा करना चाहता हूं। 2018 में जब CSK ने 2 साल के बैन के बाद IPL लीग में वापसी की थी, तब टीम डिनर हुआ था। मैंने यह कहावत सुनी है कि 'मर्द रोते नहीं', लेकिन एमएस धोनी उस रात रोए थे। वह भावुक हो गए। मुझे लगता है कि इस बारे में इमरान ताहिर के अलावा कोई नहीं जानता।" उसी पैनल चर्चा के दौरान CSK के एक अन्य पूर्व स्टार इमरान ताहिर ने कहा कि धोनी टीम को एक परिवार के रूप में मानते हैं और यह सभी खिलाड़ियों के लिए बहुत ही भावुक क्षण था।


ये भी पढ़ें- Ishita Kishore: कौन हैं UPSC टॉपर इशिता किशोर? जानें पढ़ाई से लेकर IAS बनने की कहानी

वीडियो में चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व खिलाड़ी इमरान ताहिर कहते हैं कि IPL 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स की वापसी हुई। बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2016 और 2018 का हिस्सा नहीं थी। उस वक्त चेन्नई पर बैन लगा था। इमरान ताहिर ने कहा कि IPL 2018 में टीम डिनर के वक्त मैंने जो देखा, उस पर मुझे भरोसा नहीं हुआ। उस दिन मैंने महेंद्र सिंह धोनी को रोते देखा। वह काफी इमोशनल हो गए थे।

सोशल मीडिया पर हरभजन सिंह और इमरान ताहिर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि धोनी भले ही रांची के रहने वाले हो, लेकिन चेन्नई के फैंस उन्हें अपना सबकुछ मानते हैं। उनकी एक झलक पाने के लिए CSK फैंस घंटों इंतजार करते रहते हैं। धोनी 2008 से ही CSK की कमान संभाल रहे हैं। उन्होंने 4 बार टीम को IPL की खिताबी जीत दिलाई है। इस सीजन में भी CSK प्लेऑफ में एंट्री कर चुकी है और IPL 2023 ट्रॉफी की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।