Jharkhand Paper Leak Case: झारखंड पुलिस का बड़ा खुलासा, गर्लफ्रेंड के लिए मजदूर ने किया था 10वीं का पेपर लीक,अब तक 10 गिरफ्तार

Jharkhand Class 10th Exam Paper Leak Case: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) बोर्ड कक्षा 10वीं की हिंदी और विज्ञान की परीक्षाओं के क्वेश्चन पेपर लीक होने के मामले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच की मांग की है। 20 फरवरी को पेपर लीक होने के बाद कक्षा 10वीं की हिंदी और विज्ञान की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं

अपडेटेड Feb 25, 2025 पर 7:45 PM
Jharkhand Class 10th Exam Paper Leak Case: झारखंड विधानसभा में मंगलवार को पेपर लीक को लेकर भारी हंगामा हुआ (फोटो- दैनिक जागरण)

Jharkhand Class 10th Exam Paper Leak Case: पुलिस ने मंगलवार (25 फरवरी) को झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा पेपर लीक मामले में 6 और लोगों को हिरासत में लिया। इसके बाद मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 10 हो गई है। पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी ने अपनी गर्लफ्रेंड के लिए इस घटना को अंजाम दिया था। JAC ने 20 फरवरी को कक्षा 10वीं की हिंदी और विज्ञान की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी थीं, क्योंकि क्वेश्चन पेपर कथित रूप से लीक हो गए थे। क्वेश्चन पेपर सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हो गई थीं।

पुलिस ने बताया कि गिरिडीह में ट्रक से पेपर उतारते समय एक लड़के ने बंडल को ब्लेड से फाड़ दिया और फोटोकॉपी करने के बाद पेपर को वायरल कर दिया। उन्होंने बताया कि उसके घर से पेपर समेत कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

10 आरोपी अरेस्ट


डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया, "कोडरमा एसपी के नेतृत्व में एक टीम ने मामले में करीब 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। गिरिडीह में ट्रक से क्वेश्चन पेपर उतारते समय मजदूर के तौर पर काम करने वाले एक लड़के ने इस घटना को अंजाम दिया। उसने बंडल को ब्लेड से फाड़ दिया और क्वेश्चन पेपर निकाल लिया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।"

उन्होंने बताया कि कोडरमा पुलिस ने गिरिडीह जिले से 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। कोडरमा एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि टाउन पुलिस स्टेशन के अंतर्गत बरगंडा इलाके में छापेमारी के बाद गिरफ्तारियां की गईं। गुप्ता ने कहा कि पुलिस जांच पूरी हो गई है। उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि ऐसी कोई घटना फिर नहीं होगी।"

विधानसभा में भारी हंगामा, बीजेपी ने की CBI जांच की मांग

बोर्ड परीक्षाओं में पेपर लीक को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायकों के विरोध प्रदर्शन से मंगलवार को झारखंड विधानसभा में हंगामे की स्थिति बन गई। सुबह 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, बीजेपी विधायक पेपर लीक मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग करते हुए आसन के समक्ष आ गए।

विधानसभाध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो ने सदस्यों से व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा कि यह मुद्दा पहले ही सदन के बाहर उठाया जा चुका है। प्रश्नकाल के दौरान हटिया से बीजेपी विधायक नवीन जायसवाल ने रेत की कमी के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि रेत की कमी के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना के मकानों का निर्माण प्रभावित हुआ है। आबकारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने रेत की कमी के दावे का खंडन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उन लोगों को मुफ्त रेत उपलब्ध करा रही है जो आयकर के दायरे से बाहर हैं।

गर्लफ्रेंड के लिए पेपर कर दी लीक

'दैनिक जागरण' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक आरोपी कमलेश कुमार की गर्लफ्रेंड इस बार कक्षा 10वीं की परीक्षा दे रही है। उसकी मदद करने के लिए मजदूर ने अपने साथियों के साथ मिलकर पेपर लीक करने का प्लान बनाया था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि जब उसकी गर्लफ्रैंड ने पेपर मांगी तो उन्होंने उसे चुराने का प्लान तैयार किया। आरोपियों ने रांची से क्वेश्चन पेपर लेकर आए गाड़ी को खाली कराने की जिम्मेदारी जिस ठेकेदार को मिली थी, उसके साथ ही सौदा कर लिए।

ये भी पढ़ें- NIOS Board Exams 2025: एनआईओएस कक्षा 10वीं-12वीं प्रैक्टिकल परीक्षा की तारीखों का ऐलान, जानें सभी डिटेल्स

उससे बातचीत में उन्होंने गाड़ी को खाली करने की इच्छा जाहिर की। इस पर ठेकेदार तैयार हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने सील बंद पेपर के बंडल से सेट की चोरी कर ली। पुलिस ने मामले में कोडरमा जिले के मरकच्चो में रहने वाले स्कूल-कोचिंग संचालक प्रशांत कुमार साव को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा, दो छात्रों को भी हिरासत में लिया गया है। प्रशांत मरकच्चो प्रखंड के जामू में एक प्राइवेट स्कूल और कोचिंग सेंटर चलाता है। उससे पूछताछ चल रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।