Justin Trudeau 'Punjabi singer' Remark Row: कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो टोरंटो रोजर्स सेंटर में जाने-माने सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले अचानक उनसे मुलाकात करने पहुंच गए। दोसांझ ने ट्रूडो के इस दौरे का वीडियो माइक्रोब्लॉगिंग साइट X पर शेयर किया, जिसमें कनाडाई पीएम और उन्हें एक दूसरे का हाथ जोड़कर अभिवादन करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रूडो दिग्गज भारतीय सिंगर को गले लगा रहे हैं। दिलजीत दोसांझ ने टोरंटो के रोजर्स सेंटर में परफॉर्मेंस के दौरान किसी पंजाबी आर्टिस्ट के शो के टिकट सबसे तेजी से बिकने का इतिहास भी बनाया।
जस्टिन ट्रूडो ने स्टार इंडियन सिंगर दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) की टीम के साथ भी तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान टीम ने "जस्टिन, जस्टिन" के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने दोसांझ की अक्सर कही जाने वाली पंक्ति "पंजाबी आ गए ओए..." भी दोहराई। दिलजीत ने इस मुलाकात का वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज में भी शेयर किया है।
फिल्म "अमर सिंह चमकीला" में एक्टिंग कर चुके दोसांझ ने ट्रूडो के दौरे की तस्वीरें शेयर करते हुए कहा, "विविधता ही कनाडा की ताकत है। प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो इतिहास बनते देखने आए।" खास बात यह है कि टोरंटो रोजर्स सेंटर में होने वाले दोसांझ के कार्यक्रम की सभी टिकटें जल्द ही बिक गईं।
ट्रूडो ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और इंस्टाग्राम पेज पर इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने इसमें विविधतापूर्ण देश होने के लिए कनाडा की प्रशंसा की। बाद में दोसांझ ने अपने संगीत कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, जिनमें उनके मंच पर आते ही प्रशंसक खुशी से चिल्लाते और नाचते नजर आए।
'पंजाबी सिंगर' बताने पर भड़की BJP
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सोशल मीडिया पोस्ट में दिलजीत दोसांझ को 'भारतीय सिंगर' के बजाय 'पंजाबी सिंगर' कहकर संबोधित किया है, जिसके लेकर भारतीय जनता पार्टी भड़क गई है। बीजेपी ने इसे जानबूझकर शरारत करार दे रही है। दरअसल, ट्रूडो ने X पर अपने पोस्ट में लिखा, "रॉजर्स सेंटर में रुककर दिलजीत दोसांझ को उनके शो से पहले शुभकामनाएं दीं। कनाडा एक महान देश है, जहां पंजाब का एक लड़का इतिहास बना सकता है और स्टेडियम की सारी टिकटें बेच सकता है। विविधता सिर्फ हमारी ताकत नहीं है। यह एक महाशक्ति है।"
मनजिंदर सिंह सिरसा ने X पर लिखा, "मैं इसे सही कर दूं, श्रीमान प्रधानमंत्री- जहां भारत का एक आदमी इतिहास बना सकता है और स्टेडियमों को बेच सकता है।" उन्होंने आगे कहा, "दिलजीत दोसांझ जैसे शानदार कलाकार की प्रशंसा करने का आपका इशारा शब्दों के खेल के जरिए आपकी जानबूझकर की गई शरारतों से पूरी तरह से छिप गया है।"
एक वीडियो संदेश में BJP नेता ने सिंगर की कला के माध्यम से "दुनिया पर छाप छोड़ने" के लिए प्रशंसा की और दिलजीत के साथ ट्रूडो की मुलाकात को "गर्व का क्षण" कहा। हालांकि, सिरसा ने यह भी बताया कि कनाडाई पीएम ने सिंगर के लिए अपनी प्रशंसा पोस्ट में भारत का उल्लेख न करके "गरिमा के साथ काम नहीं किया"।