उत्तर प्रदेश के करहल में विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान के बीच एक बेहद ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कंजारा नदी पुल के पास एक दलित लड़की का नग्न शव बोरे में भरा हुआ मिला। मृत लड़की के परिवार वालों का आरोप है कि उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की जगह भारतीय जनता पार्टी को वोट देने की वजह से उसकी हत्या कर दी गई, जिसके बाद से इस पूरे मामले ने एक राजनीतिक रंग ले लिया। मृतका के परिवार ने वारदात के पीछे राजनीतिक मंशा का आरोप लगाते हुए प्रशांत यादव नाम के व्यक्ति पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये पूरा मामला एक छोटी से बहस से शुरू हुआ। लड़की के पिता ने बताया कि अब से करीब तीन दिन पहले वह अपनी बेटे के साथ कहीं जा रहे थे। तभी एक प्रशांत यादव ने उनसे समाजवादी पार्टी को वोट देने के लिए कहा, जिसपर लड़की ने कहा कि हमारा वोट तो भाजपा को जाएगा।
लड़की को बाइक पर उठा ले गए दो संदिग्ध
आरोप है कि इससे नाराज प्रशांत और उसके साथियों ने लड़की को धमकी भी दी थी। प्रशांत ने कथित तौर पर महिला को समाजवादी पार्टी को वोट नहीं देने पर गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी थी। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि हत्या से पहले महिला के साथ बलात्कार किया गया था।
परिवार के मुताबिक 19 नवंबर को धमकियां दी गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 19 नवंबर को दो संदिग्ध आए और लड़की को जबरन बाइक पर उठा के ले गए।
बुधवार को उसका शव एक बोरे में मिला। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शुरुआती जांच की। लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
करहल में क्यों हो रहा उपचुनाव?
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के लोकसभा चुनाव लड़ने के कारण सीट खाली होने के बाद करहल में बुधवार को उपचुनाव के लिए मतदान चल रहा है। करहल मैनपुरी जिले में आता है। 1993 से समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाने वाली इस सीट से पार्टी ने अखिलेश यादव के भतीजे तेज प्रताप यादव को मैदान में उतारा है।
जबकि BJP ने इस सीट से तेज प्रताप यादव के चाचा अनुजेश यादव को उम्मीदवार बनाया है, जो दोनों पार्टियों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गई है। इस विधानसभा में यादवों की संख्या लगभग 1.4 लाख है, जबकि दलित करीब 40,000 और मुस्लिम मतदाता करीब 15,000 हैं।