Karnataka: शिवमोगा सांप्रदायिक हिंसा मामले में 40 से अधिक गिरफ्तार, धारा- 144 लागू

Shivamogga Communal Clash: शिवमोगा से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक एस. एन. चन्नबसप्पा ने रविवार रात रागी गुड्डा इलाके में पथराव से क्षतिग्रस्त घरों का दौरा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे कुछ बाहरी लोग हैं, जिन्हें यहां के लोगों से समर्थन प्राप्त है। चन्नबसप्पा ने सोमवार को शिवमोगा में पत्रकारों से कहा, "शिवमोगा उन लोगों के लिए स्वर्ग बन गया है, जो आतंक फैलाना चाहते हैं"

अपडेटेड Oct 02, 2023 पर 6:48 PM
Story continues below Advertisement
Shivamogga Communal Clash: कर्नाटक के शिवमोगा में ईद मिलाद के जुलूस के दौरान रविवार रात दो गुटों में तनाव सामने आया है

Shivamogga Communal Clash: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया (Siddaramaiah) ने सोमवार को कहा कि शिवमोगा में सांप्रदायिक हिंसा के दौरान पथराव की घटना के सिलसिले में 40 से अधिक उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। शिवमोगा में रविवार रात ईद मिलाद के जुलूस के दौरान दो गुटों में तनाव सामने आया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ने का प्रयास किया, जिसके कारण पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। जिले के एक हिस्से में CrPC की धारा 144 लागू की गई है।

सिद्धरमैया ने कहा कि किसी भी समुदाय के धार्मिक आयोजनों के दौरान अशांति पैदा करना और पथराव करना कानून के खिलाफ है। उनकी सरकार ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी और उपद्रवियों से निपटा जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस मामले में पत्रकारों से कहा कि शिवमोगा में अब स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रित है। वहां, पुलिस शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक पथराव की घटना पर सीएम ने पत्रकारों से कहा, "ईद मिलाद का जुलूस चल रहा था, तभी कुछ उपद्रवियों ने पथराव किया। उन्होंने (उपद्रवियों ने) पुलिस पर भी पथराव किया। अब तक 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हमारी सरकार ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी। स्थिति अब नियंत्रण में है।"


BJP का सरकार पर आरोप

शिवमोगा से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक एस. एन. चन्नबसप्पा ने रविवार रात रागी गुड्डा इलाके में पथराव से क्षतिग्रस्त घरों का दौरा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे कुछ बाहरी लोग हैं, जिन्हें यहां के लोगों से समर्थन प्राप्त है। चन्नबसप्पा ने सोमवार को शिवमोगा में पत्रकारों से कहा, "शिवमोगा उन लोगों के लिए स्वर्ग बन गया है, जो आतंक फैलाना चाहते हैं।" पुलिस सूत्रों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि कथित तौर पर इस अफवाह के बाद कि ईद मिलाद के जुलूस पर पथराव हुआ, उग्र भीड़ ने कुछ घरों और वाहनों पर पथराव किया जिसमें कई लोग घायल हो गए।

गृह मंत्री ने बताया 'मामूली पथराव' की घटना

पीटीआई के मुताबिक, बेंगलुरु में गृहमंत्री जी. परमेश्वर ने इसे 'मामूली पथराव' की घटना करार देते हुए कहा कि पुलिस ने इस पर काबू पा लिया है तथा संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है। गृहमंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रशासन कोई भी अप्रिय घटना नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने चेतावनी दी है और भीड़ को तितर-बितर कर दिया है तथा स्थिति अब शांतिपूर्ण है। नकाब पहने कुछ उपद्रवियों के पथराव करने को लेकर पूछे गए सवाल पर परमेश्वर ने कहा कि उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस पर पथराव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "हां, क्या अब ऐसा हो रहा है? ऐसी चीजें हुई हैं और पुलिस इसे नियंत्रित करने में सक्षम है तथा करेगी भी। यह एक तनावपूर्ण क्षेत्र है और जुलूस के दौरान कुछ भी हो सकता है, इसलिए सुरक्षा बलों को पहले से तैनात किया गया था, जिससे हम इसे एक बड़ी घटना में बदलने से रोक सके।"

पुलिस कार्रवाई शुरू

शिवमोगा के SP जी. के. मिथुन कुमार ने कहा कि रागी गुड्डा इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। इस इलाके में ईद मिलाद-उन-नबी जुलूस के दौरान तनाव एवं पथराव की कथित घटनाओं के बाद धारा- 144 लागू की गई थी। उन्होंने कहा कि इस घटना में पुलिसकर्मी सहित कुछ लोग घायल हुए हैं, जबकि कुछ संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है।

ये भी पढ़ें- Weather update: 5 अक्टूबर तक इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश, केरल में येलो अलर्ट जारी

कुमार ने कहा, "हमने घायलों और क्षतिग्रस्त संपत्तियों के मालिकों से शिकायत दर्ज करने के लिए कहा है। हमने घटना में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। घटना की वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और ड्रोन कैमरे की फुटेज है, जिसके जरिए इसमें शामिल लोगों को पकड़ लिया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा की उन्हें सजा मिले।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।