Maha Kumbh Mela 2025: महाकुंभ मेला उत्तर प्रदेश के पवित्र शहर प्रयागराज में पूरे धूमधाम और भव्यता के साथ शुरू हो चुका है। इस बीच, महाकुंभ शुरू होने से एक दिन पहले रविवार (12 जनवरी) को महाराष्ट्र के जलगांव रेलवे स्टेशन के पास ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन पर एक पत्थर फेंका गया। पथराव के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने बताया कि महाकुंभ मेले के लिए प्रयागराज जा रहे यात्रियों के अनुसार, जलगांव स्टेशन से रवाना होने के दो-तीन किलोमीटर बाद ट्रेन पर पत्थरराव किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन पथराव में B6 कोच की खिड़की का एक शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। जलगांव रेलवे पुलिस के अधिकारी ने बताया कि सूरत से छपरा जा रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में सवार कुछ यात्रियों ने पथराव की सूचना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए दी।
अधिकारी ने बताया कि महाकुंभ मेले के लिए प्रयागराज जा रहे यात्रियों के अनुसार, जलगांव स्टेशन से रवाना होने के दो-तीन किलोमीटर बाद ट्रेन पर पत्थर फेंका गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पौष पूर्णिमा स्नान के साथ महाकुम्भ मेला सोमवार से शुरू हो गया। मेला अधिकारी के मुताबिक, सुबह साढ़े 9 बजे तक 60 लाख से अधिक लोगों ने संगम और गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समस्त श्रद्धालुओं, संत महात्माओं, कल्पवासियों और आगंतुकों का स्वागत करते हुए महाकुंभ के प्रथम स्नान की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महाकुम्भ को भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गरिमा का प्रतीक बताया।
मेलाधिकारी विजय किरण आनंद ने पीटीआई को बताया कि सोमवार को सुबह साढ़े नौ बजे तक 60 लाख से अधिक लोग गंगा और संगम में डुबकी लगा चुके हैं। पौष पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए तीर्थ पुरोहित राजेंद्र मिश्र ने बताया कि पौष माह के शुक्ल पक्ष के 15वें दिन पौष पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान से सभी तरह के पाप कट जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पौष पूर्णिमा के साथ एक महीने तक चलने वाला कल्पवास भी आज से शुरू हो गया। इस दौरान लोग एक माह तक तीनों समय गंगा स्नान कर एक प्रकार का तप वाला जीवन व्यतीत करते हैं और भगवान की भक्ति में लीन रहते हैं। इससे पहले शनिवार और रविवार को मिलाकर 85 लाख से अधिक लोगों ने गंगा स्नान किया।