Maha Kumbh Mela 2025: प्रयागराज में तीन दिन बाद लगने वाले महाकुंभ मेले के शुरू होने से पहले शुक्रवार (10 जनवरी) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामुदायिक रसोई 'मां की रसोई' का उद्घाटन किया। यहां मात्र 9 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यूपी की धार्मिक नगरी प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी के बीच आयोजित होने वाले महाकुंभ में पूरी दुनिया से लगभग 45 करोड़ लोगों के आने की संभावना है। उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बयान में कहा कि सामुदायिक रसोई का संचालन आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए नंदी सेवा संस्थान द्वारा स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में किया जाता है।
बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अस्पताल का दौरा किया, जहां उन्होंने 'मां की रसोई (Maa Ki Rasoi)' का उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा उपस्थित लोगों को भोजन परोसा। सरकार ने कहा, "नंदी सेवा संस्थान ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की सहायता के लिए यह पहल शुरू की है। मात्र नौ रुपये में लोगों को भोजन मिल सकेगा। भोजन में दाल, चार रोटियां, सब्जियां, चावल, सलाद और मिठाई मिलेंगी।"
उद्घाटन के बाद औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने मुख्यमंत्री को रसोई में भोजन तैयार करने के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री को भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता मानकों और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी गई।
नंदी सेवा संस्थान (Nandi Sewa Sansthan) ने पीटीआई को बताया कि 'मां की रसोई' उन लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी जो अपने प्रियजनों के इलाज के लिए इस अस्पताल में आते हैं और भोजन के लिए चिंतित होते हैं। औद्योगिक विकास मंत्री के अलावा इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और जगदगुरु महामंडलेश्वर संतोष दास मौजूद रहे।
सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती के रेडियो प्रभाग आकाशवाणी ने शुक्रवार (10 जनवरी) को महाकुंभ 2025 से संबंधित सूचनाओं के प्रसार के लिए समर्पित एक एफएम चैनल 'कुंभवाणी' शुरू किया। सीएम आदित्यनाथ ने विशाल धार्मिक समागम से पहले अपने प्रयागराज दौरे के दूसरे दिन सर्किट हाउस में एफएम चैनल का उद्घाटन किया।
यूपी सरकार ने एक बयान में कहा कि प्रसार भारती ने महाकुंभ के बारे में व्यापक जानकारी प्रसारित करने के लिए ओटीटी-आधारित कुंभवाणी एफएम चैनल लॉन्च किया है। 103.5 मेगाहर्ट्ज पर प्रसारण करने वाला यह चैनल 10 जनवरी से 26 फरवरी तक रोजाना सुबह 5.55 बजे से रात 10.05 बजे तक आवश्यक एवं महत्वपूर्ण जानकारियों का प्रसारण करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वास व्यक्त किया कि 'कुंभवाणी' न केवल लोकप्रियता की नई ऊंचाइयों को छुएगा। बल्कि महाकुंभ की भावना को दूरदराज के गांवों तक भी पहुंचाएगा, जहां कई लोग अपनी इच्छा के बावजूद शारीरिक रूप से इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह चैनल इन दूरदराज के समुदायों तक महाकुंभ के बारे में सभी प्रासंगिक जानकारी पहुंचाने के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में काम करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इससे उन्हें सनातन धर्म के इस भव्य उत्सव के गौरव को भावी पीढ़ियों के साथ साझा करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कुंभवाणी शुरू करने के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और प्रसार भारती को भी धन्यवाद दिया। सीएम योगी ने कहा कि आकाशवाणी लोगों को लोक परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने वाला पहला माध्यम था। अपने बचपन को याद करते हुए उन्होंने बताया कि कैसे वे आकाशवाणी पर रामचरितमानस के प्रसारण को ध्यान से सुनते थे।