Maha Kumbh Mela 2025: उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में भव्य एवं दिव्य महाकुंभ का आगाज हो चुका है। 45 दिवसीय इस आध्यात्मिक उत्सव के लिए प्रयागराज तैयार है। लगभग 40 करोड़ लोगों के धार्मिक समागम में शामिल होने की उम्मीद है। संगम में पवित्र डुबकी लगाने के लिए भारत और दुनिया भर से श्रद्धालु जुट रहे हैं। कई आकर्षणों में से एक हेलीकॉप्टर की सवारी ने सबसे अधिक ध्यान आकर्षित किया है, जो किफायती कीमत पर पवित्र शहर का हवाई दर्शन कराती है। 13 जनवरी से पौष पूर्णिमा के साथ 45 दिवसीय महाकुंभ 2025 की शुरुआत हो रही है। 6 फरवरी 2025 को महाशिवरात्रि पर इसका समापन होगा।
सोमवार (13 जनवरी) से हेलीकॉप्टर की सवारी 3,000 रुपये से कम होकर 1,296 रुपये के कम किराए पर उपलब्ध होगी। पहले यह किराया 3,000 रुपये था। आज यानी सोमवार को डिजिटल लॉन्च के साथ हेलीकॉप्टर राइड की शुरुआत हो चुकी है।
अब आप न सिर्फ जमीन से महाकुंभ मेले का नजारा देख सकते हैं। बल्कि आसमान में रहकर भी महाकुंभ का खूबसूरत नजारा भी देख सकेंगे। देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए संगम दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर सर्विस शुरू की गई है।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने घोषणा की है कि पवन हंस द्वारा संचालित ये सवारी सात से आठ मिनट तक चलेगी, जिससे महाकुंभ क्षेत्र के लुभावने दृश्य देखने को मिलेंगे। इसके लिए टिकट www.upstdc.co.in के माध्यम से ऑनलाइन बुक किए जा सकते हैं। लेकिन मौसम और मांग के आधार पर कीमतें भिन्न हो सकती हैं।
महाकुंभ में भारत भर के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा लाइव प्रदर्शन भी किए जाएंगे। बॉलीवुड सिंगह शंकर महादेवन 16 जनवरी को गंगा पंडाल में श्रृंखला की शुरुआत करेंगे। जबकि मोहित चौहान 24 फरवरी को कार्यक्रम का समापन करेंगे। दैनिक संगीत कार्यक्रम पूरे उत्सव में सितारों से सजे माहौल को सुनिश्चित करेंगे।
महाकुंभ 2025 में भाग लेने वाले लोग ड्रोन और लेजर शो का भी लुत्फ उठा सकते हैं। उत्तर प्रदेश दिवस मनाने के लिए विशेष कार्यक्रम और राज्य के पर्यटन और संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित साहसिक खेलों का भी आनंद ले सकते हैं। इस बीच, मुख्य अनुष्ठान स्नान, मकर संक्रांति (14 जनवरी), मौनी अमावस्या (29 जनवरी) और बसंत पंचमी (3 फरवरी), महाकुंभ के धार्मिक महत्व के केंद्र में रहेंगे।