Maharashtra: पेट्रोल पंप पर आमतौर पर कम पेट्रोल भरने की शिकायतें आती रहती हैं। लेकिन महाराष्ट्र के ठाणे में तो गजब हो गया है। इसे सुनकर आप भी हैरान हो जाएंगे। मुंबई से सटे ठाणे जिले में एक स्कूटी चालक ने 550 रुपये का पेट्रोल भराया। पेट्रोल पंप ने उसे 55,000 रुपये वसूल लिए। बाद में पेट्रोल पंप ने अपनी गलती स्वीकार की और बाकी बचे पैसे स्कूटी चालक को लौटा दिए।
दरअसल, मामला कुछ यूं है कि ठाणे में एक शख्स ने अपनी स्कूटी पर 550 रुपये का पेट्रोल भराया। इसके बाद पेट्रोल भरने वाले डिजिटल पेमेंट करने पर 55,000 रुपये का बिल जेनरेट कर दिया। जब ग्राहक ने डिजिटल पेमेंट करने के लिए गूगल पे से स्कैन किया तो जो उसे QR कोड दिया गया था। उससे स्कैन करने पर 55,000 रुपये कट गए। इसके बाद ग्राहक ने पेट्रोल पंप ऑपरेटर से इसकी शिकायत की।
अटेंडेंट की गलती से हुआ पेमेंट
बाद में पता चला कि जो QR कोड जेनरेट किया गया है। उसमें गलती हो गई है। पेट्रोप पंप अटेंडेंट ने पेट्रोल भरने के बाद गलती से 55,000 रुपये का QR कोड जेनरेट कर दिया। जब ग्राहक ने उसका पेमेंट किया तो हकीकत सामने आई। हालांकि इस मामले को तुरंत सुलझा लिया गया और ग्राहक के अकाउंट में उसी दिन पैसे वापस भेज दिए गए।
डिजिटल पेमेंट की बढ़ती लोकप्रियता के बीच पेट्रोल पंप पर मौजूद अटेंडेंट दिन भर में हजारों ट्रांजैक्शन करते हैं। अधिकतर मामलों में उन्हें रकम खुद डालनी होती है। इस वजह से रकम के बाद पॉइंट डालकर डबल जीरो डालने की जगह पॉइंट पर क्लिक नहीं होता और 100 गुना पेमेंट हो जाता है। पेट्रोल पंप अटेंडेंट को प्रॉपर ट्रेनिंग और जागरूकता नहीं होने की वजह से इस बारे में कई बार दिक्कत हो जाती है।
इस तरह की गलतियों से बचने के लिए यह जरूरी है कि डिजिटल पेमेंट में मानवीय दखल कम से कम किया जाए। फ्यूल पंप वायरलेस तरीके से पीओएस मशीन से कनेक्टेड हो। ताकि ग्राहक अपने पेट्रोल या डीजल खरीदने की रकम का खुद पेमेंट कर सके और उसे चेक कर सकें।