Isak Andic Death: नहीं रहे नामी क्लोदिंग ब्रांड Mango के फाउंडर इसाक एंडिक, हाइकिंग करते वक्त पहाड़ से गिरकर मौत

Isak Andic Died: तुर्की मूल के इसाक एंडिक ने अपने बड़े भाई नाहमान की मदद से बार्सिलोना की मशहूर शॉपिंग स्ट्रीट पासेओ डे ग्रासिया में अपनी पहली दुकान खोली थी। साल 2023 में Mango का टर्नओवर 3.1 अरब यूरो रहा। Mango का नाम ​जानेमाने अंतरराष्ट्रीय फैशन समूहों में गिना जाता है

अपडेटेड Dec 15, 2024 पर 10:28 AM
Mango की दुनिया भर में 120 से अधिक बाजारों में मौजूदगी है।

स्पेन के नामी क्लोदिंग ब्रांड मैंगो के फाउंडर इसाक एंडिक (Isak Andic) इस दुनिया को अलविदा कह गए हैं। उनकी शनिवार को एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई। मैंगो, यूरोप के सबसे बड़े फैशन समूहों में से एक है और इसके दुनिया भर में लगभग 2,800 स्टोर हैं। बार्सिलोना स्थित कंपनी के सीईओ टोनी रुइज ने एक बयान में नॉन एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और फाउंडर इसाक एंडिक की अचानक मृत्यु के बारे में सूचना दी।

बयान में उन्होंने कहा, "इसाक हम सभी के लिए एक उदाहरण रहे हैं। उन्होंने अपना जीवन मैंगो को समर्पित कर दिया। अपने स्ट्रैटेजिक विजन, इंस्पायरिंग लीडरशिप और वैल्यूज को लेकर अटूट प्रतिबद्धता के कारण उन्होंने एक अमिट छाप छोड़ी।...उनके जाने से एक बहुत बड़ा शून्य पैदा हो गया है, लेकिन हम सभी किसी न किसी तरह से उनकी विरासत और उनकी उपलब्धियों के गवाह हैं।"

रुइज ने आगे कहा कि यह हम पर निर्भर है कि हम यह सुनिश्चित करें कि मैंगो वह प्रोजेक्ट बनी रहे, जिसकी इसाक ने तमन्ना की थी और जिस पर उन्हें गर्व हो। यह इसाक के लिए सबसे अच्छी श्रद्धांजलि होगी।


पहाड़ से गिरकर हुई मौत

कंपनी ने इसाक एंडिक के साथ हुई दुर्घटना के बारे में और जानकारी नहीं दी है। लेकिन स्पेनिश मीडिया का कहना है कि 71 वर्षीय एंडिक की बार्सिलोना के पास अपने परिवार के कई सदस्यों के साथ हाइकिंग करते समय गिरकर मौत हो गई। रॉयटर्स की रिपोर्ट में भी कहा गया है कि पुलिस का कहना है कि एंडिक की मौत पहाड़ पर दुर्घटना में हुई है। बार्सिलोना के पास मोंटसेराट गुफाओं में रिश्तेदारों के साथ हाइकिंग करते वक्त एंडिक चट्टान से फिसलकर 100 मीटर से अधिक नीचे गिर गए।

Atul Subhash Suicide Case: बेंगलुरु पुलिस का बड़ा एक्शन, पत्नी निकिता को गुरुग्राम से किया गिरफ्तार, मां-भाई प्रयागराज में पकड़े गए

1984 में शुरू हुई थी Mango

इस्तांबुल में जन्मे एंडिक 1960 के दशक में अपने परिवार के साथ स्पेन के उत्तरपूर्वी क्षेत्र कैटेलोनिया चले गए। मैंगो की शुरुआत 1984 में हुई थी। तुर्की मूल के एंडिक ने अपने बड़े भाई नाहमान की मदद से बार्सिलोना की मशहूर शॉपिंग स्ट्रीट पासेओ डे ग्रासिया में अपनी पहली दुकान खोली थी। यह बेहद सफल रही क्योंकि उस वक्त स्पेन दशकों पुरानी तानाशाही से बस उभरा ही था और कंज्यूमर ज्यादा मॉडर्न कपड़ों के लिए भूखे थे। स्पेन में तानाशाही 1975 में जनरल फ्रांसिस्को फ्रैंको की मृत्यु के साथ समाप्त हुई थी।

मैंगो की 120 से अधिक बाजारों में मौजूदगी

मैंगो की वेबसाइट के अनुसार, इसकी दुनिया भर में 120 से अधिक बाजारों में मौजूदगी है और 15,500 कर्मचारी हैं। इसका नाम ​जानेमाने अंतरराष्ट्रीय फैशन समूहों में गिना जाता है। साल 2023 में मैंगो का टर्नओवर 3.1 अरब यूरो रहा। इसाक एंडिक की संपत्ति 4.5 अरब डॉलर है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।