मार्क जुकरबर्ग (Mark Zuckerberg) ने मेटा (Meta) कर्मचारियों को लिखे अपने हालिया ईमेल में करीब 10,000 कर्मचारियों की नए सिरे से छंटनी का ऐलान किया था। इस लेटर में उन्होंने इस बात की ओर भी ध्यान दिलाया था कि कंपनी के एनालिसिस के मुताबिक ऑफिस से काम करने वाले कर्मचारियों का प्रदर्शन, घर से काम करने वाले कर्मचारियों के मुकाबले बेहतर रहा है। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि क्या छंटनी के दूसरे दौर में इस एनालिसिस का घर से काम करने वाले कर्मचारियों पर असर पड़ेगा या नहीं। जुकरबर्ग ने कहा कि आमने-सामने काम करने के दौरान आपसी भरोसा बनाना आसान है और ये रिश्ते कंपनी को अधिक प्रभावी ढंग से काम करने में मदद करते हैं।
जुकरबर्ग ने अपने लेटर में कहा, "हमारे शुरुआती एनालिसिस से यह पता चलता है कि जिन इंजीनियर ने 'वर्क फ्रोम होम' के तौर पर कंपनी को ज्वाइन किया, उनके मुकाबले जिन इंजीनियर ने पहले ऑफिस में काम किया और फिर 'वर्क फ्रोम होम' पर गए या जो लगातार ऑफिस से काम कर रहे हैं, उनका प्रदर्शन औसतन अच्छा रहा है।"
उन्होंने कहा, "इस एनालिसिस से यह भी पता चलता है कि इंजीनियर जब पहले अपने टीम के कर्मचारियों के साथ हफ्ते में कम से कम तीन दिन साथ में काम करते थे, तब उनका प्रदर्शन औसतन बेहतर रहा था। इसके लिए और अध्ययन की आवश्यकता है, लेकिन हमारी परिकल्पना यह है कि साथ में काम करने के दौरान आपसी भरोसा बनाना अभी भी आसान है और ये रिश्ते हमें अधिक प्रभावी ढंग से काम करने में मदद करते हैं।"
इसके साथ रही मेटा के सीईओ ने दक्षता बढ़ाने के लिए कर्मचारियों को ऑफिस आकर काम करने की भी अपील की। उन्होंने कहा, "हम इस साल दक्षता पर फोकस कर रहे हैं। इसके लिए हम इसे और समझने और इसके तरीके ढूंढ़ने पर फोकस कर रहे हैं, जिससे यह तय किया जा सकें लोग प्रभावी ढंग से काम करने के लिए जरूरी कनेक्शन बनाएं।"
जुकरबर्ग ने आगे कहा, "इस बीच, मैं आप सभी को अपने सहयोगियों के साथ व्यक्तिगत रूप से साथ में काम करने के अधिक मौके खोजने के लिए प्रोत्साहित करता हूं। साथ में काम करना, आपसी भरोसा बनाने और अधिक काम करने में मदद करता है।"
बता दें कि Meta ने मंगलवार को 10,000 कर्मचारियों की छंटनी का दूसरा दौर शुरू करने का ऐलान किया था। इससे पहले कंपनी ने नवंबर में भी बड़े स्तर पर छंटनी की थी। तब करीब 11,000 से ज्यादा कर्मचारियों की नौकरी गई थी। ये संख्या Meta के कुल कर्मचारियों के लगभग 13% के बराबर थी।