बैंक से लेकर एयरलाइन और स्टॉक मार्केट तक सब ठप! Microsoft Outage से किस देश में कौनसी सर्विस पर पड़ असर, देखें पूरी लिस्ट

Microsoft Outage: रिपोर्टों में कहा गया है कि आउटेज क्राउडस्ट्राइक में हुआ, जो माइक्रोसॉफ्ट विंडोज पर सिक्योरिटी प्रोवाइड कराने वाली एक साइबर सिक्योरिटी कंपनी है। इसे अब तक के सबसे बड़े IT आउटेज में से एक कहा जा रहा है। इसी कड़ी में ऑस्ट्रेलिया ने एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई, जबकि कई देशों ने एयरपोर्ट पर मैनुअल ऑपरेशन शुरू किया और एहतियात के तौर पर फ्लाइट तक रोक दी गईं

अपडेटेड Jul 19, 2024 पर 3:47 PM
Story continues below Advertisement
Microsoft outage: बैंक से लेकर एयरलाइन और स्टॉक मार्केट तक सब ठप! (FILE PHOTO)

Microsoft Outage: बैंकों से लेकर एयर पोर्ट और मीडिया तक, दुनिया भर में कई ऑनलाइन सर्विस बड़े पैमाने पर ठप हो गईं, कुछ देश तो फायर फाइटिंग मोड में चले गए। अमेरिका से लेकर ब्रिटेन और भारत तक, IT आउटेज के कारण लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। एयरपोर्ट के चेक-इन सिस्टम के क्रैश होने के कारण दुनिया भर में कई फ्लाइट रोकनी पड़ीं, Sky News नेटवर्क पूरी तरह से कुछ समय के लिए बंद हो गया और कई Windows सिस्टम ब्लू 'स्क्रीन ऑफ डेथ' के साथ बंद हो गए।

रिपोर्टों में कहा गया है कि आउटेज क्राउडस्ट्राइक में हुआ, जो माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft Outage) विंडोज पर सिक्योरिटी प्रोवाइड कराने वाली एक साइबर सिक्योरिटी कंपनी है। इसे अब तक के सबसे बड़े IT आउटेज में से एक कहा जा रहा है। इसी कड़ी में ऑस्ट्रेलिया ने एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई, जबकि कई देशों ने एयरपोर्ट पर मैनुअल ऑपरेशन शुरू किया और एहतियात के तौर पर फ्लाइट तक रोक दी गईं।

कहां-कहां हुईं कौनसी सर्विस ठप?


भारत: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे समेत कई एयरपोर्ट ने तकनीकी खराबी की शिकायत की। दिल्ली एयरपोर्ट के अधिकारियों के एक बयान में कहा, “ग्लोबल IT इश्यू के कारण, दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ सर्विस अस्थायी रूप से प्रभावित हुईं। हम अपने यात्रियों को असुविधा कम करने के लिए अपने सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।"

इसी तरह के बयान कई एयरलाइन की ओर से जारी किए गए थे, जिसमें यात्रियों को अपनी उड़ानों के लिए हवाई अड्डों पर जल्दी रिपोर्ट करने के लिए कहा गया था। Nuvama, 5paisa, मोतीलाल ओसवाल जैसे कई प्लेटफार्मों पर निवेशकों को भी बाजार ऑर्डर देने में गड़बड़ियों का सामना करना पड़ा।

अमेरिका: US में, 911 पर कई राज्यों में बिजली गुल होने की शिकायतें आईं हैं। IT आउटेज के कारण अमेरिकन एयरलाइंस, डेल्टा और यूनाइटेड ने सभी उड़ानें रोक दीं। लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट समेत अमेरिका के कई हवाई अड्डे ग्लोबल आईटी आउटेज की चपेट में आए हैं। अमेरिकी अस्पताल EMR सिस्टम पर भी बड़े पैमाने पर कंप्यूटर बंद होने की खबरें मिली थीं। एसोसिएटेड प्रेस ने भी अपनी सर्विस में रुकावटे के बारे में बताया।

UK: कहा जाता है कि UK में, लंदन स्टॉक एक्सचेंज ग्लोबल आउटेज की चपेट में आया है। रुकावट के कारण Sky न्यूज नेटवर्क कुछ देर के लिए बंद हो गया। कहा जा रहा है कि UK के सबसे बड़े रेल ऑपरेटर को IT आउटेज के कारण काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

ऑस्ट्रेलिया: सरकार ने ग्लोबल IT आउटेज के कारण एक इमरजेंसी बैठक बुलाई, क्योंकि एयरपोर्ट और पेमेंट सिस्टम बड़े पैमाने पर प्रभावित हुए थे। ऑस्ट्रेलिया में सुपरमार्केट और रिटेल विक्रेताओं को आउटेज के कारण कई गड़बड़ियों का सामना करना पड़ रहा था।

कैसा है दूसरे देशों का हाल?

बर्लिन एयरपोर्ट ने रुकावट के कारण फ्लाइट सस्पेंड कर दी थीं, जबकि एम्स्टर्डम हवाई अड्डे पर भी रुकावट की खबरें मिली थीं। इजरायल के सेंट्रल बैंक ने भी कहा कि ग्लोबल आउटेज का असर बैंकों पर पड़ रहा है। रुकावट के कारण हांगकांग एयरपोर्ट ने मैन्युअल चेक-इन प्रोसेस को अपना लिया। प्राग एयरोप्ट ने भी IT आउटेज के कारण रुकावट और फ्लाइट में देरी की जानकारी दी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।