शनिवार को नैनीताल के पास एक कार एक्सीडेंट हुआ, ऐसे में घटनास्थल पर मौजूद भारतीय स्टार गेंदबाज कमाल की मिसाल पेश की। मोहम्मद शमी भी उसी दौरान हिल स्टेशन जा रहे थे तभी उन्होंने पहाड़ से नीचे की ओर गिरती हुई कार को देखा। शमी ने अपनी गाड़ी को रोका और घटनास्थल पर मौजूद आदमी की जान बचाई। खुशकिस्मती से आदमी पूरी तरह से सुरक्षित है। शमी ने अपने इंस्टाग्राम पर इसकी वीडियो भी शेयर की जिसमें वो आदमी की मदद करते दिखाई दे रहे हैं।
दूसरी जिंदगी का मिला है मौका
वीडियो की कैप्शन में लिखा है कि ये बहुत खुशकिस्मत है कि भगवान ने इन्हें दूसरी जिंदगी दी है, इनकी गाड़ी मेरी आंखों के सामने ही पहाड़ से नीचे गिरी। हमने इन्हें सुरक्षित गाड़ी से बाहर निकाला। वीडियो के साथ शमी ने लिखा कि किसी की सहायता करके बेहद अच्छा लगा।
क्रिकेट में बनाए नए रिकॉर्ड
मोहम्मद शमी के क्रिकेट करियर की बात करें तो ICC ODI World Cup 2023 में वो इस टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा विकेट झटकने वाले गेंदबाज बने। 24 विकेट झटक उन्होंने टीम को सेमी फाइनल तक पहुंचाया। सेमी फाइनल में भी न्यूजीलैंड के खिलाफ शमी सात विकेट झटकने में कामयाब हुए। विराट कोहली के 50वें ODI शतक और श्रेयस अय्यर के लगातार दूसरे शतक और शमी के सात विकेट ने भारत को 50 ओवर के इस फॉर्मेट में आगे तक पहुंचाया।