Get App

PM Modi Podcast: 'गोली लगने के बाद भी अमेरिका के लिए समर्पित रहे': पीएम मोदी ने की ट्रंप की तारीफ, बताया साहसी व्यक्ति

PM Modi Podcast with Lex Fridman: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पॉडकास्ट में AI रिसर्चर और प्रसिद्ध अमेरिकी पॉडकास्टर लेक्स फ्रिडमैन के साथ बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी दोस्ती के बारे में खुलकर बात की। प्रधानमंत्री ने व्हाइट हाउस में मोदी-ट्रंप की मुलाकात, 2019 के Howdy Mody कार्यक्रम और अन्य घटनाओं के बारे में बड़ा खुलासा किया

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Mar 16, 2025 पर 9:17 PM
PM Modi Podcast: 'गोली लगने के बाद भी अमेरिका के लिए समर्पित रहे': पीएम मोदी ने की ट्रंप की तारीफ, बताया साहसी व्यक्ति
PM Modi Podcast with Lex Fridman: पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में पहले की तुलना में कहीं अधिक तैयार दिखाई दे रहे हैं

PM Modi Podcast with Lex Fridman: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (16 मार्च) को कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके बीच परस्पर विश्वास का रिश्ता है। दोनों बेहतर तरीके से एक-दूसरे के संपर्क में रहते हैं, क्योंकि वे हर चीज से ऊपर अपने राष्ट्रीय हितों को रखने में विश्वास करते हैं। लेक्स फ्रिडमैन के साथ एक पॉडकास्ट में पीएम मोदी ने ट्रंप की तारीफ करते हुए उन्हें एक साहसी व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि ट्रंप ने अपने फैसले खुद किए। वह अमेरिका के प्रति अटूट रूप से समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका यह समर्पण उस वक्त भी दिखा जब पिछले साल चुनाव प्रचार के दौरान एक बंदूकधारी ने उन्हें गोली मार दी थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में पहले की तुलना में कहीं अधिक तैयार दिखाई दे रहे हैं। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति के तौर पर ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के बारे में कहा, "उनके दिमाग में सुपरिभाषित कदमों के साथ स्पष्ट रोडमैप है, हर रोडमैप उन्हें उनके लक्ष्यों की ओर ले जाने के लिए तैयार किया गया है।" पीएम मोदी ने कहा कि उनकी हालिया अमेरिका यात्रा के दौरान उन्हें ट्रंप की टीम के सदस्यों से मिलने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि उन्होंने मजबूत और सक्षम टीम बनाई है। और इतनी मजबूत टीम के साथ, मुझे लगता है कि वे राष्ट्रपति ट्रंप के दृष्टिकोण को लागू करने में पूरी तरह सक्षम हैं।" इस दौरान, उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड, विवेक रामास्वामी और एलॉन मस्क के साथ अपनी बैठकों को याद किया।

पीएम मोदी ने सितंबर 2019 में ह्यूस्टन में खचाखच भरे एनआरजी स्टेडियम में आयोजित 'हाउडी मोदी' सामुदायिक कार्यक्रम को याद किया और बताया कि किस तरह ट्रंप ने दर्शकों के बीच बैठकर उनका भाषण सुना था। उन्होंने कहा, "यह उनकी विनम्रता है। जब मैं मंच से बोल रहा था तब अमेरिका के राष्ट्रपति श्रोताओं में बैठे थे। यह उनका शानदार भाव था।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें