Naxalism in India: 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का हो जाएगा खात्मा, फिर नहीं जाएगी किसी नागरिक की जान, अमित शाह का बड़ा ऐलान

Naxalism in India: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (9 फरवरी) को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलियों का सफाया कर दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि देश का कोई भी नागरिक इसके कारण अपनी जान नहीं गंवाएगा। शाह ने यह टिप्पणी छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों द्वारा 31 नक्सलियों को मार गिराने के बाद की

अपडेटेड Feb 09, 2025 पर 7:53 PM
Naxalism in India: गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मानवता विरोधी नक्सलवाद को समाप्त करने में आज हमने अपने दो बहादुर जवानों को खोया है

Naxalism in India: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार (9 फरवरी) को कहा कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलियों का खात्मा कर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उसके बाद देश के किसी भी नागरिक को इसके कारण अपनी जान नहीं गंवानी पड़ेगी। छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों द्वारा 31 नक्सलियों को मार गिराने के बाद शाह ने यह बात कही। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ एक बड़े अभियान में मुकाबलों ने रविवार को भीषण मुठभेड़ के दौरान 31 नक्सलियों को मार गिराया।

इसके बाद अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, "नक्सल मुक्त भारत बनाने की दिशा में सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर में बड़ी सफलता हासिल की है। इस ऑपरेशन में 31 नक्सलियों को ढेर करने के साथ ही भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गयी है।"

उन्होंने कहा, "मानवता विरोधी नक्सलवाद को समाप्त करने में आज हमने अपने दो बहादुर जवानों को खोया है। यह देश इन वीरों का सदा ऋणी रहेगा। शहीद जवानों के परिजनों के प्रति भावपूर्ण संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। साथ ही पुनः यह संकल्प दोहराता हूं कि 31 मार्च 2026 से पहले हम देश से नक्सलवाद को जड़ से समाप्त कर देंगे, ताकि देश के किसी भी नागरिक को इसके कारण अपनी जान न गंवानी पड़े।"


पुलिस ने रविवार को बताया कि नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में दो सुरक्षाकर्मियों की भी जान चली गई। जबकि दो अन्य घायल हो गए। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 650 से अधिक सुरक्षाकर्मियों ने विभिन्न दिशाओं से इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में एंट्री किया और 31 नक्सलियों को उनके ठिकाने पर ही ढेर कर दिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि देश और प्रदेश से नक्सलवाद का खात्मा निश्चित है।

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में राज्य को मार्च 2026 तक नक्सलवाद से मुक्ति मिल जाएगी। इस घटना के साथ ही इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 81 नक्सलियों को मार गिराया है। बस्तर रेंज के पुलिस IG सुंदरराज पी ने बताया कि मुठभेड़ सुबह इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के जंगल में हुई, जब विभिन्न सुरक्षाबलों का एक संयुक्त दल नक्सल रोधी अभियान पर निकला था।

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक राज्य को नक्सलवाद से मुक्ति मिल जाएगी। मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि सुरक्षाबलों को इस दिशा में लगातार सफलता मिल रही है। वे लक्ष्य प्राप्ति की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश और राज्य से कैंसर की तरह फैले नक्सलवाद का खात्मा निश्चित है।

ये भी पढ़ें- Maha Kumbh 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 10 फरवरी को जाएंगी महाकुंभ मेला, त्रिवेणी संगम में लगाएंगी पवित्र डुबकी

इस साल अब तक राज्य में मारे गए 81 नक्सलियों में से 65 बस्तर संभाग में मारे गए, जिसमें बीजापुर सहित सात जिले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 219 नक्सलियों को मार गिराया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।