Neeraj Chopra Athletics Rankings: भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) विश्व एथलेटिक्स द्वारा जारी ताजा पुरुष भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) रैंकिंग में अपने करियर में पहली बार दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बन गए हैं। नीरज चोपड़ा 1,455 अंकों के साथ शीर्ष पर रहे। वह ग्रेनाडा के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स (1,433) से 22 अंक आगे रहे। टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले चेक गणराज्य के जैकब वडलेज्च 1416 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस भारतीय स्टार ने पहली बार यह रैंकिंग हासिल कर इतिहास रच दिया है।
टोक्यो ओलंपिक में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने वाले 25 वर्षीय चोपड़ा पिछले साल 30 अगस्त को विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए थे, लेकिन उसके बाद से पीटर्स को पछाड़ नहीं पाए थे। पिछले साल सितंबर में नीरज चोपड़ा ने ज्यूरिख में डायमंड लीग 2022 का फाइनल जीता था। यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीतने वाले पहले भारतीय थे।
इसके अलावा उन्होंने सीजन-ओपनिंग दोहा डायमंड लीग में 5 मई को 88.67 मीटर के थ्रो के साथ खिताब जीता था। नीरज चोपड़ा के इस वक्त 1,455 पॉइंट्स हैं, जो मौजूदा वर्ल्ड चैम्पियन एंडरसन पीटर्स से 22 अंक अधिक है। इसके साथ ही नीरज ने ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स को पछाड़ दिया । एंडरसन के इस समय 1433 पॉइंट्स हैं। टॉप-5 रैंकिंग में पाकिस्तान के अरशद नदीम भी शामिल हैं।
आपको बता दें कि टोक्यो ओलंपिक में नीरज ने भारत के लिए जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीता था। चोपड़ा ने यह करिश्मा 7 अगस्त 2021 को किया था। वह पहले ट्रेक और फील्ड एथलीट बने जिन्होनें ओलंपिक में मैडल जीता। इतना ही नहीं बल्कि वह भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले महज दूसरे एथलीट बने। 25 साल के नीरज ने वहीं से सुर्खियां बटोरना शुरू कर दिया था और आज वह युवाओं के स्टार हैं। 89.94 मीटर का थ्रो फेंकने का रिकॉर्ड भी नीरज के नाम दर्ज है, जो उन्होंने स्टॉकहोम में आयोजित की गई डायमंड लीग में बनाया था।