Night Curfew, Sunday Lockdown: इन राज्यों में जारी है नाइट कर्फ्यू और रविवार को लॉकडाउन, देखिए पूरी लिस्ट

Night Curfew, Sunday Lockdown: कर्नाटक सरकार ने वीकेंड कर्फ्यू तो खत्म कर दिया है, लेकिन अभी नाइट कर्फ्यू लागू है

अपडेटेड Jan 23, 2022 पर 1:27 PM
इन राज्यों में लागू हैं कोविड से जुड़ी पाबंदी

Night Curfew, Sunday Lockdown: देश में पिछले कुछ दिनों से तीन से अधिक नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं। इस बीच कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने नाइट कर्फ्यू या रविवार को लॉकडाउन बनाए रखने का फैसला किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (union health ministry) के मुताबिक भारत में दैनिक पॉजिटिविटी रेट 17.78 फीसदी हो गया है और एक्टिव केस 21,87,205 हैं।

यहां हम उन राज्यों की लिस्ट दे रहे हैं, जहां रविवार को नाइट कर्फ्यू या रविवार को लॉकडाउन लागू है।

दिल्ली


देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्राइवेट ऑफिस के कर्मचारियों को 50 फीसदी क्षमता के साथ काम करने की छूट दी गई है। लेकिन अभी तक नाइट कर्फ्यू और वीकेंड कर्फ्यू को नहीं हटाया गया है। हालांकि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने उपराज्यपाल अनिल बैजल (Anil Baijal) को वीकेंड कर्फ्यू हटाने के लिए एक चिट्ठी भेजी थी। लेकिन इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया गया। बता दें कि दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 11,486 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 45 मरीजों की मौत हो गई है और एक दिन में 14,802 मरीज ठीक हुए हैं। एक्टिव मामले घटकर 58,593 हो गए हैं। राज्य में पॉजिटिविटी रेट 16.36 फीसदी है।

Omicron India Live Updates: एक दिन में कोरोना के 3,33,533 नए मामले आए सामने, 525 लोगों की मौत

कर्नाटक

कर्नाटक सरकार ने वीकेंड कर्फ्यू तो खत्म कर दिया है लेकिन रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। कर्नाटक में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में गिरावट देखने को मिल रही है। कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में 42,470 नए कोविड के मामले सामने आए है और 26 संक्रमितों की मौत हो गई है। वहीं इस दौरान 35,140 मरीज ठीक हो चुकै हैं। राज्य में एक्टिव मामलों की संख्या 3,30,447 हैं।

केरल

केरल सरकार ने रविवार को यानी आज 23 जनवरी और 30 जनवरी को सिर्फ आवश्यक सेवाओं की अनुमति दी है। राज्य सरकार ने जिला स्तर पर कोविड से संबंधित पाबंदी लगाने का फैसला किया है। डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (Disaster Management Authority) जिलों को तीन ग्रुप में बांटेगा। जिसमें A, B और C ग3प बनाए जाएंगे। सभी जिलों में सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, राजनीतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों, शादी समारोहों और अंतिम संस्कार में 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी है।

B और C ग्रुप के कैटेगरी वाले जिलों की ये सभी छूट नहीं दी जाएगी। इन इलाकों के जिलों में शादी समारोह और अंतिम संस्कार में 20 लोगों को शामिल होने की छूट दी गई है। वहीं धार्मिक पूजा पाठ कार्यक्रमों को ऑनलाइन करने के लिए कहा गया है। C कैटेगरी के जिलों में मूवी थिएटर, स्वीमिंग पूल और जिम बंद करने के लिए कहा गया है।

गुजरात

गुजरात में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इस बीच राज्य सरकार ने इसके प्रसार को रोकने के लिए 8 महानगरों, 2 कस्बों के अलावा 17 अन्य शहरों में 29 जनवरी तक निट कर्फ्यू लगा दिया है। यह नाइट कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा। 8 महानगरों अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, राजकोट, जामनगर, जूनागढ़, भावनगर और गांधीनगर के अलावा आणंद और नडियाद शहरों में नाइट कर्फ्यू लागू है। इसके अलावा 17 शहरों - सुरेंद्रनगर, ध्रांगधरा, मोरबी, वानकर्णेर, धोराजी, गोंडल, जेतपुर, कलावाड़, गोधरा, विजलपोर (नवसारी), नवसारी, बिलिओमोरा, व्यारा, वापी, वलसाड, भरूच और अंकलेश्वर में नाइट कर्फ्यू लागू है।

बता दें कि गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 23,150 नए मामले सामने आए हैं और 15 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है। इस दौरान 10,103 मरीज ठीक हुए हैं। राज्य में एक्टिव मामलों की संख्या 1,29,875 है।

बिहार

बिहार में मौजूदा कोरोना वायरस पाबंदी को 6 फरवरी तक के लिए बढ़ा दिया गया है। प्री स्कूल और कक्षा 1 से 8 तक 6 फरवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। जबकि कक्षा 9 से 12 तक के कॉलेजों को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दी गई है।

हरियाणा

हरियाणा सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस से संबंधित पाबंदी को 28 जनवरी तक बढ़ा दिया है। हालांकि राज्य में जिम और स्पा को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की छूट दी गई है। जबकि शराब की दुकानें अब रात 10 बजे तक खुली रह सकती हैं।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में इस साल विधान सभा के चुनाव होने हैं। राज्य में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार ने 30 जनवरी तक स्कूल बंद करने का फैसला किया है। इससे पहले 23 जनवरी तक स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला लिया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।