नंदन नीलेकणि (Nandan Nilekani) ने मंगलवार को साफ किया कि उन्होंने क्रिप्टोकरेंसी (Cryptocurrency) से जुड़ा कोई भी प्रोजेक्ट लॉन्च नहीं किया है और न ही उनकी ऐसी कोई योजना है। इंफोसिस के को-फाउंडर ने एक ट्वीट में बताया कि सोशल मीडिया पर उनके द्वारा क्रिप्टो प्रोजेक्ट शुरू करने की फर्जी खबरें चल रही हैं।
नंदन नीलेकणि ने अपने फॉलोअर्स से अपील किया कि वे ऐसी झूठी रिपोर्टों पर क्लिक करने से बचें और इन पोस्ट को फेक न्यूज के रूप में रिपोर्ट करें।
देखिए नंदन नीलेकणि का ट्वीट-
इसके कुछ देर पहले नंदन नीलेकणि ने एक दूसरे ट्वीट में बताया था कि वह ट्वीटर के अलावा अन्य किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल नहीं करते हैं। यहां तक कि वॉट्सऐप का भी नहीं। उन्होंने इसके साथ ही अपने मोबाइल होमस्क्रीन का एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया था। नीलेकणि ने बताया कि वह अपने फोन में सिर्फ जरूरी ऐप्स को ही रखते हैं।
इससे पहले जनवरी में नंदन नीलेकणि ने क्रिप्टोकरेंसी को लेकर मनीकंट्रोल से एक बातचीत में कहा था कि, "एक संपत्ति के रूप में क्रिप्टोकरेंसी की एक भूमिका होती है, लेकिन इस करेंसी को सभी कानूनों का पालन करना होगा। यह भी सुनिश्चित करना होगा कि यह वित्तीय बाजार में मनी लॉन्ड्रिंग के लिए बैक डोर ना बन जाए।” साथ ही नीलेकणि ने यह भी कहा कि ट्रांजैक्शन की अधिक लागत और कीमतों में भारी अस्थिरता के कारण क्रिप्टो लेनदेन के लिए उपयुक्त नहीं है।