Noida Supertech Twin Towers Demolition LIVE News Updates: नोएडा में स्थित सुपरटेक के अवैध ट्विन टावर को रविवार को यानी आज दोपहर 2:30 बजे सुरक्षित तरीके से ढहाने के संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों टावर कुतुब मीनार से भी ऊंचे हैं और इन्हें 15 सेकंड से भी कम समय में ‘वाटरफॉल इम्प्लोजन’ टेक्नोलॉजी से ढहा दिया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि ये भारत में अब तक की सबसे ऊंची संरचनाएं होंगी जिन्हें ध्वस्त किया जा रहा है।
परिवार और बच्चों सहित कई लोग शनिवार और रविवार की रात घटनास्थल पर जमा हो गए और उन्होंने दोनों टावर के वीडियो बनाए। ट्विन टावर के पास स्थित एक फ्लाईओवर पर न केवल सैकड़ों कैमरे लगे हैं, बल्कि कई स्थानीय और यहां तक कि दिल्ली-NCR के विभिन्न हिस्सों के भारी संख्या में लोग नोएडा के सेक्टर 93 में मौजूद हैं। फ्लाईओवर एक तरह से टीवी स्टूडियो में तब्दील हो गया है।
सुपरटेक टावरों के विध्वंस को कवर करने के लिए रविवार तड़के से यहां आए सैकड़ों पत्रकार चिलचिलाती धूप में रिपोर्टिंग कर रहे हैं। कुछ पत्रकार खुली जीपों पर रिपोर्टिंग करते दिख रहे हैं। विस्फोट के 'सही दृश्य' के लिए टावरों से थोड़ी दूर स्थित ऊंची इमारतों पर टीवी कैमरे भी लगे हैं। मीडिया के लिए एक विशेष कार पार्किंग भी बनाई गई है जो कारों और आउटडोर ब्रॉडकास्ट वैन के साथ एक ब्लॉक है। कई लोग विध्वंस को करीब से देखना चाहते हैं।
नोएडा अथॉरिटी की सीईओ रितु माहेश्वरी ने पीटीआई से कहा कि सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं और सुरक्षित विध्वंस के लिए तैयारी की गई हैं। ट्विन टावर रविवार दोपहर ढाई बजे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ढहाए जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में इन टावर को गिराया जा रहा है जिसके लिए 3,700 किलोग्राम से अधिक विस्फोटकों का उपयोग किया जाएगा। अदालत ने एमराल्ड कोर्ट सोसायटी परिसर के भीतर इन टावर के निर्माण में मानदंडों का उल्लंघन पाया था।
ट्विन टावर से एमराल्ड कोर्ट सोसाइटी की एस्टर 2 और एस्टर 3 इमारत सिर्फ 9 मीटर दूर हैं। अधिकारियों ने कहा कि विध्वंस इस तरह से किया जाएगा ताकि अन्य इमारतों को कोई संरचनात्मक नुकसान न हो। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे दोपहर सवा 2 बजे से दोपहर पौने 3 बजे तक बंद रहेगा। नोएडा में ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित रहेगा। नोएडा अथॉरिटी के अनुसार, विस्फोट के वक्त घटनास्थल के ऊपर एक समुद्री मील के दायरे में हवाई क्षेत्र भी कुछ समय के लिए उड़ानों के वास्ते बंद रहेगा।