दुनिया भर में ओमीक्रोन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कोरोना वायरस के इस नए वेरिएंट की चपेट में आ रहे मरीज कई तरह के लक्षण नजर आए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, कोरोना के प्रमुख लक्षणों के अलावा ऐसे भी कुछ लक्षण हैं, जिनके आने पर तुरंत कोरोना टेस्ट करवा लेना चाहिए।
द मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, ओमीक्रोन में तीन प्रमुख लक्षणों के अलावा त्वचा, नाखून या होंठ के रंग में बदलाव होना ओमीक्रोन के लक्षण हैं। ऐसा होने पर कोरोना की जांच तुरंत करवानी चाहिए।
सेंटर्स फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (American Centre for Disease Control and Prevention -CDC) ने इस पर एक विस्तार से जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, त्वचा, नाखूनों और होंठ का पीला, ग्रे या नीला होना खून में ऑक्सीजन की कमी को दर्शाता है। चूंकि कोरोना होने पर खून में ऑक्सीजन की कमी हो जाती है, ऐसे में ये लक्षण होने पर जांच करवाना बेहद जरूरी है। इसमें सर्दी, खांसी, गले में खराश और खुजली, बुखार, सांस लेने में दिक्कत, मांसपेशियों में दर्द, सिर दर्द, गंध और स्वाद न आना जैसे लक्षणों को शामिल किया गया है। हेल्थ एजेंसी के अनुसार, ऐसा होने पर कोरोना की जांच तुरंत करवानी चाहिए। वहीं कब्ज, सोते वक्त पसीना आना, आंखों में सूजन और त्वचा के किसी भी हिस्से पर रैश होना भी ओमीक्रोन के लक्षण हैं।
ओमीक्रोन से संक्रमित मरीज को अधिक थकावट महसूस हो सकती है। हालांकि यह किसी भी उम्र में हो सकता है। दक्षिण अफ्रीकी मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष एंजेलिक कोएत्जी (Angelique Coetzee) के अनुसार युवा रोगियों को अत्यधिक थकावट महसूस हो सकती है।
कितनी जल्दी दिखते हैं लक्षण
CDC की नई गाइडलाइन के मुताबिक, किसी व्यक्ति को वायरस के संपर्क में आने के 2 से 14 दिनों के भीतर कोरोना के लक्षण दिख सकते हैं। अगर किसी में भी लक्षण नजर आते हैं, तो उसकी तुरंत जांच करानी चाहिए। वहीं कुछ लोगों में हो सकता है, लक्षण न भी दिखें, लेकिन वे वायरस फैला रहे हों।