पाकिस्तान के पीएम इमरान खान (Imran Khan) ने मंगलवार को कहा कि वह भारत और पाकिस्तान के बीच मतभेद सुलझाने के लिए अपने भारतीय समकक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ टीवी पर बहस करना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि वे पीएम नरेंद्र मोदी के साथ टीवी पर बहस करना चाहेंगे और इससे एक अरब से अधिक की आबादी का भला होगा। इमरान ने मॉस्को की अपनी पहली यात्रा की पूर्व संध्या पर रूस के सरकारी टेलीविजन नेटवर्क ‘आरटी’ से एक इंटरव्यू के दौरान यह टिप्पणी की।
इमरान खान के इस बयान के बाद ट्विटर पर #ImranKhanModiShow टॉप पर ट्रेंड कर रहा है और यूजर्स जमकर मजे ले रहे हैं। बता दें कि पिछले दो दशक में पहली बार कोई पाकिस्तानी प्रधानमंत्री रूस की यात्रा कर रहा है। अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान खान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से वार्ता करेंगे और प्रमुख क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामलों पर चर्चा करेंगे।
इंटरव्यू के दौरान खान ने एक सवाल के जवाब में कहा, 'मैं नरेंद्र मोदी के साथ टीवी पर बहस करना चाहूंगा।' उन्होंने कहा कि यदि भारत और पाकिस्तान के बीच मतभेदों को बहस के जरिए सुलझाया जा सकता है, तो यह उपमहाद्वीप के लोगों के लिए बहुत अच्छी बात होगी।
खान ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि जब उनकी पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ 2018 में सत्ता में आई थी, तो उन्होंने भारत से तत्काल संपर्क किया था और भारतीय नेतृत्व से वार्ता के जरिए कश्मीर मामला सुलझाने को कहा था। उन्होंने कहा कि भारत ने उनकी पहल का कोई सकारात्मक जवाब नहीं दिया।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा कि पुतिन के निमंत्रण पर खान 23 और 24 फरवरी को रूस की आधिकारिक यात्रा करेंगे। बयान में कहा गया है कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के साथ उनके कैबिनेट सहयोगियों का एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा। पाकिस्तान के किसी प्रधानमंत्री की पिछले 23 साल में रूस की यह पहली यात्रा होगी।
भारत में आतंकवादी संगठनों द्वारा 2016 में पठानकोट एयरबेस पर किए गए आतंकवादी हमले के बाद दोनों पड़ोसी देशों के संबंध और खराब हो गए थे। उरी में भारतीय सेना के शिविर पर हुए हमले समेत इसके बाद किए गए कई हमलों ने संबंध बदतर कर दिए।
इसके बाद, भारत ने पुलवामा आतंकवादी हमले के जवाब में 26 फरवरी, 2019 को पाकिस्तान के भीतर घुसकर जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी ट्रेनिंग शिविर पर युद्धक विमानों से हमला किया। भारत ने अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करने और इसे दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित करने की घोषणा की, जिसके बाद संबंध पहले से भी और खराब हो गए।
भारत पाकिस्तान से बार-बार कहता रहा है कि जम्मू-कश्मीर देश का अहम हिस्सा था, है और रहेगा। भारत ने पाकिस्तान से कहा है कि वह आतंकवाद, शत्रुता और हिंसा मुक्त माहौल में उसके साथ पड़ोसियों वाले सामान्य संबंध बनाना चाहता है।
इमरान खान ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकलने की उम्मीद जताई और कहा कि सैन्य संघर्षों से समस्याओं का समाधान कभी नहीं निकल सकता। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि यूक्रेन और रूस संघर्ष के परिणामों के बारे में जानते हैं।