भारत ने मंगलवार को पाकिस्तान के साथ महीनों तक चली बातचीत के बाद अंतत: अटारी-वाघा बॉर्डर के जरिए सड़क मार्ग से मानवीय सहायता के तहत 50 ट्रकों में 2500 मिट्रिक टन गेहूं की पहली खेप युद्धग्रस्त देश अफगानिस्तान के लिए रवाना की। विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला और अफगानिस्तान के राजदूत फरीद मंमूदजई ने अटारी-वाघा बॉर्डर पर 2500 मीट्रिक टन गेहूं की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, 22 फरवरी को अमृतसर में एक समारोह में सड़क मार्ग से पाकिस्तान के रास्ते अफगानिस्तान के लिए मानवीय सहायता के तहत 50 ट्रकों में 2500 मिट्रिक टन गेहूं की पहली खेप रवाना की गई । इस समारोह में विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला के साथ अफगानिस्तान के राजदूत फरीद मंमूदजई और विश्व खाद्य कार्यक्रम के कंट्री निदेशक बी पराजुली मौजूद थे।
मंत्रालय ने कहा कि अफगानिस्तान को मानवीय सहायता के लिये संयुक्त राष्ट्र की अपील के मद्देनजर भारत सरकार ने अफगानिस्तान के लोगों को 50 हजार मिट्रिक टन गेहूं तोहफे के रूप में देने का निर्णय किया था।