Kerala Rape: केरल में दलित नाबालिग के साथ 5 सालों तक होता रहा रेप, 59 आरोपियों में से 57 गिरफ्तार

Kerala Gang-Rape Case: एक पुलिस अधिकारी बताया कि जांच में पाया गया कि पिछले साल जब लड़की 12वीं कक्षा में पढ़ रही थी, तो उसे इंस्टाग्राम के जरिए जानने वाला एक युवक रन्नी के एक रबर बागान में ले गया। इसके बाद उसने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके साथ बलात्कार किया

अपडेटेड Jan 20, 2025 पर 12:40 PM
Kerala Gang-Rape Case: पीड़िता के बयान के आधार पर चार पुलिस थानों में कुल 30 मामले दर्ज किए गए हैं

Kerala Gang-Rape Case: केरल के पथनमथिट्टा जिले में एक दलित लड़की के साथ पांच साल तक हुए यौन शोषण के मामले में कुल 59 आरोपियों में से 57 को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। पीड़िता के बयान के आधार पर पथनमथिट्टा जिले के चार पुलिस थानों में कुल 30 मामले दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों में पांच नाबालिग भी शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस टीम का उद्देश्य जितनी जल्दी हो सके जांच पूरी कर जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल करना है। कथित तौर पर नाबालिग ने अधिकारियों को बताया है कि उसके साथ 13 साल की उम्र से दर्जनों बार यौन शोषण और गैंगरेप हो चुका है। अब वह 18 साल की है।

मामले में पकड़े गए आरोपियों में लड़की का बचपन का साथी, पड़ोसी और परिवार के दोस्त शामिल हैं। जिला पुलिस प्रमुख वी. जी. विनोद कुमार ने बताया कि इस संबंध में पहला मामला 10 जनवरी को इलावुमथिट्टा पुलिस थाने में दर्ज किया गया था। इसके बाद दो आरोपियों को छोड़कर सभी नामजद आरोपियों को व्यापक जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि जिन दो आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है वे फिलहाल देश में नहीं है।

अधिकारी ने एक बयान में कहा कि गिरफ्तार किया गया अंतिम आरोपी 25 वर्षीय युवक है, जिसे रविवार सुबह उसके घर के पास से पकड़ा गया। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की महिला अधिकारी एस. अजिता बेगम के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) जिला पुलिस प्रमुख की देखरेख में मामले की जांच कर रहा है। अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर जिले के चार पुलिस थानों में कुल 30 मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपियों में पांच नाबालिग भी शामिल हैं।


उन्होंने कहा कि पुलिस टीम का उद्देश्य जांच पूरी कर जल्द से जल्द आरोप पत्र प्रस्तुत करना है। पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में पता चला है कि कई आरोपियों ने लड़की से पथनमथिट्टा के एक निजी बस अड्डे पर मुलाकात की थी। इसके बाद उसे वाहनों में अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया और जबरन उसका उत्पीड़न किया गया।

5 साल लगातार होता रहा रेप

एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि जांच में पाया गया कि पिछले साल जब लड़की 12वीं कक्षा में पढ़ रही थी, तो उसे इंस्टाग्राम के जरिए जानने वाला एक युवक रन्नी के एक रबर बागान में ले गया, जहां उसने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके साथ बलात्कार किया।

पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि पीड़िता के साथ कम से कम पांच बार सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसमें कार के अंदर और जनवरी 2024 में पथनमथिट्टा जनरल अस्पताल में हुई घटनाएं भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक पीड़िता की उम्र अब 18 साल है और उसने शिकायत की है कि 13 साल की उम्र से अबतक उसका 62 लोगों ने यौन उत्पीड़न किया है।

ये भी पढ़ें- सैफ मामले में कैसे 'पराठा' बना जांच में अहम सुराग? आरोपी तक कुछ यूं पहुंची पुलिस, पढ़ें- गिरफ्तारी की इनसाइड स्टोरी

यह मामला बाल कल्याण समिति द्वारा आयोजित परामर्श सत्र के दौरान प्रकाश में आया, जब एक शैक्षणिक संस्थान में पीड़िता के शिक्षकों ने समिति को उसके व्यवहार में उल्लेखनीय परिवर्तन के बारे में बताया। इसके बाद समिति ने पुलिस को सूचित किया और जांच शुरू हुई। फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।