बिहार में बड़ा ट्रेन हादसा टला, टूटे पहिए के साथ 10 km तक दौड़ती रही पवन एक्सप्रेस

एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकार वीरेंद्र कुमार ने बताया कि नया कोच मंगाकर ट्रेन को रात में गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि पहिया में खराबी कैसे आई

अपडेटेड Jul 03, 2023 पर 3:20 PM
Pawan Express: बताया जाता है कि पहिया एक फीट तक टूट चुका था। हालांकि, कोई बड़ी क्षति नहीं हुई है

बिहार (Bihar) के मुजफ्फरपुर जिले में उस वक्त एक बड़ा ट्रेन हादसा टल गया, जब मुंबई जाने वाली पवन एक्सप्रेस (Pawan Express) टूटे पहिए के साथ 10 किलोमीटर तक दौड़ती रही। हालांकि, यात्रियों की सूझबूझ से बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। एक अधिकारी ने बताया कि बिहार के जयनगर से मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनल जाने वाली पवन एक्सप्रेस के एक बोगी का एक पहिया टूट गया। हालांकि, समय रहते ट्रेन को रोक लिया गया। इससे एक बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है।

रविवार रात जयनगर से लोकमान्य तिलक टर्मिनल जाने वाली पवन एक्सप्रेस की S-11 बोगी का एक पहिए का ऊपरी हिस्सा भगवानपुर के पास टूट गया। इससे तेज रफ्तार से दौड़ रही ट्रेन से खट-खट की आवाज आने लगी।

इसके बाद यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया। जांच के बाद जैसे ही पहिया टूटने का पता चला यात्रियों में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद अधिकारियों की टीम भगवानपुर पहुंच गई।


बताया जाता है कि पहिया एक फीट तक टूट चुका था। हालांकि, कोई बड़ी क्षति नहीं हुई है। रविवार की देर रात मुजफ्फरपुर से एक खाली बोगी भगवानपुर ले जाया गया, जिसे पवन एक्सप्रेस में जोड़कर मुंबई के लिए रवाना किया गया।

ये भी पढ़ें- Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा को लेकर रूट डायवर्ट, 4 से 18 जुलाई तक बंद रहेंगे दिल्ली-मेरठ रोड

एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकार वीरेंद्र कुमार ने बताया कि नया कोच मंगाकर ट्रेन को रात में गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि पहिया में खराबी कैसे आई।

बता दें कि यह खबर 2 जून को दुखद बालासोर ट्रेन दुर्घटना के एक महीने बाद आई है जिसमें 290 से अधिक लोग मारे गए और 1,000 से अधिक घायल हो गए। दो यात्री ट्रेनों सहित तीन ट्रेनों की इस दुर्घटना को पिछले दो दशकों में सबसे बड़ा ट्रेन दुर्घटना माना जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।