Plane Crash in MP: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में बड़ा हादसा, एयरफोर्स का फाइटर प्लेन क्रैश, खेत में गिरते ही लगी आग

Plane Crash in Madhya Pradesh: वायुसेना का मिराज 2000 ट्रेनर प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त प्लेन में दो पायलट मौजूद थे। प्लेन क्रैश होते ही दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तुरंत बचाव दल को मौके पर भेज दिया। हालांकि, दुर्घटना का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है

अपडेटेड Feb 06, 2025 पर 4:23 PM
Plane Crash in Madhya Pradesh: शिवपुरी के करैरा तहसील के सुनारी थाना क्षेत्र में एयरफोर्स का जेट प्लेन क्रैश हो गया

Plane Crash in Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के शिवपुरी से एक बड़ी खबर सामने आई है। शिवपुरी जिले में करैरा तहसील के सुनारी थाना क्षेत्र में स्थित बहरेटा सानी गांव के पास भारतीय एयरफोर्स का एक फाइटर प्लेन क्रैश हो गया। गुरुवार (6 फरवरी) को घटना के बाद घायल एक पायलट की तस्वीर सामने आई है। उसमें वे मोबाइल पर किसी से बात करते दिख रहे हैं। मौके पर पहुंचे गांव के लोगों ने आग बुझाने में मदद की। यह हादसा मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के बहरेटा सानी गांव के पास गुरुवार दोपहर में हुआ।

वायुसेना का मिराज 2000 ट्रेनर प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त प्लेन में दो पायलट मौजूद थे। प्लेन क्रैश होते ही दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तुरंत बचाव दल को मौके पर भेज दिया। हालांकि, दुर्घटना का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।

दुर्घटना के बाद के सामने आए वीडियो में प्लेन का मलबा खेतों में बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं, घटनास्थल पर सैकड़ों लोग जुटे हुए दिखाई दे रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि प्लेन एक खेत में क्रैश हुआ। हादसे के बाद उसमें तुरंत आग लग गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल के पास पहुंच गए थे। पायलटों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।


एक बयान में कहा गया है कि भारतीय वायुसेना का मिराज 2000 प्लेटन गुरुवार को नियमित ट्रेनिंग उड़ान के दौरान मध्य प्रदेश के शिवपुरी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना से पहले दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकल गए थे। रिपोर्टों के अनुसार, विमान में तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटना होने का संदेह है। घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए गए हैं।

आपको जानकारी के लिए बता दे कि मिराज 2000 एक हाईटेक लड़ाकू विमान है। यह प्लेन वायुसेना का एक महत्वपूर्ण पार्ट है। इसने विभिन्न अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है। फिलहाल, आगे की जांच जारी है। हादसे से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

ये भी पढे़ं- 'दिल्ली के लोगों को PM मोदी पर भरोसा है': BJP नेताओं ने एग्जिट पोल पर जताया भरोसा, AAP ने किया खारिज

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।