Prayagraj Murder Case: उत्तर प्रदेश (UP) के प्रयागराज से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यूपी के धर्म नगरी प्रयागराज में मंगलवार को तब स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब 10वीं कक्षा के एक छात्र की दूसरे समुदाय के सहपाठियों के साथ विवाद के बाद कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि बहन के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर चचेरे भाई की पीटकर हत्या कर दी गई। शहर में भारी पुलिस बल तैनात कर दी गई है। जबकि खीरी इलाके के SHO को निलंबित कर दिया गया है। वहीं मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि जिले के यमुनापार खीरी थाना अंतर्गत परमानंद इंटर कालेज में पढ़ने वाले 10वीं के छात्र सत्यम की सोमवार को समुदाय विशेष के लोगों ने लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। खीरी थाने के SHO नवीन कुमार सिंह ने पीटीआई को बताया कि मृतक के परिजनों का आरोप है कि स्कूल से छुट्टी के बाद 15 वर्षीय सत्यम अपनी चचेरी बहन के साथ घर वापस आ रहा था।
तभी रास्ते में एक समुदाय विशेष के कुछ लोगों ने उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ की जिसका विरोध करने पर सत्यम को उन लोगों ने लाठी डंडों से पीटा। घायल अवस्था में सत्यम को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों ने बीच सड़क पर घेरकर युवक तो पटरे से तब तक पीटा, जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। वह आधे घंटे सड़क पर सड़क पर तड़पता रहा। पास में जमीन पर बदहवास पड़ी बहन सभी से मदद की भीख मांगती रही, लेकिन लोग तमाशबीन बनकर देखते रहे।
हालांकि, पुलिस उपायुक्त (यमुना नगर) संतोष कुमार मीना ने कहा कि परमानंद इंटर कालेज में बच्चों के बीच कुछ विवाद हुआ था जिसे अध्यापकों ने शांत करा दिया था। स्कूल छूटने के बाद रास्ते में झगड़ा हुआ जिसमें बच्चे की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पीड़ित किशोर के परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। SHO सिंह ने बताया कि पुलिस ने दो व्यक्तियों यूसुफ और मोसीन के खिलाफ नामजद एवं कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
खीरी क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर दिया था, जिसे पुलिस द्वारा खाली कराया गया। सिंह ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐतिहात के तौर पर क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सत्यम के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।
SHO सस्पेंड, 5 आरोपी गिरफ्तार
मामले में भारी विरोध और प्रदर्शन के बाद पुलिस ने हत्या के सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें तीन आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं। प्रयागराज कमिश्नर ने लापरवाही में SHO नवीन कुमार सिंह और चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया है। आक्रोशित लोग आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे हैं। मंगलवार (29 अगस्त) को भारी संख्या में आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए। महिलाओं ने लाठी और डंडे के साथ खीरी थाने में घुसने की कोशिश की। फिलहाल, स्थिति कंट्रोल में है और मामले में आगे की जांच जारी है।