RIP Rakesh Jhunjhunwala: भारत के वॉरेन बफेट कहे जाने वाले दिग्गज निवेशक एवं कारोबारी राकेश झुनझुनवाला पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। मुंबई के बाणगंगा श्मशान घाट में रविवार रात 11.46 बजे झुनझुनवाला का अंतिम संस्कार किया गया।
RIP Rakesh Jhunjhunwala: भारत के वॉरेन बफेट कहे जाने वाले दिग्गज निवेशक एवं कारोबारी राकेश झुनझुनवाला पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। मुंबई के बाणगंगा श्मशान घाट में रविवार रात 11.46 बजे झुनझुनवाला का अंतिम संस्कार किया गया।
शेयर मार्केट किंग राकेश झुनझुनवाला ने रविवार सुबह 62 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। झुनझुनवाला लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्हें शेयर बाजार का 'बिग बुल' कहा जाता था।
62 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
शेयर मार्केट के दिग्गज निवेशक और 'भारत के वॉरेन बफेट' कहे जाने वाले राकेश झुनझुनवाला का रविवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 62 साल के थे। उनकी नेटवर्थ 5.8 अरब डॉलर (46,000 करोड़ रुपये) थी। झुनझुनवाला की तरफ से हाल ही में शुरू की गई एयरलाइन 'अकासा एयर' के एक सूत्र ने बताया कि झुनझुनवाला को रविवार सुबह दिल का दौरा पड़ा। उन्हें फौरन ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उनका निधन हो चुका था।
काफी दिनों से बीमार थे 'बिग बुल'
झुनझुनवाला अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। वह कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें गुर्दे को लेकर कुछ परेशानी थी। अपने आखिरी सार्वजनिक कार्यक्रम में वह व्हीलचेयर पर आए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झुनझुनवाला के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने आर्थिक जगत में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। पीएम मोदी ने कहा कि राकेश झुनझुनवाला जिंदादिल, हाजिरजवाब और गहरी समझ वाले व्यक्ति थे।
ये भी पढ़ें- Rakesh Jhunjhunwala के निधन से सोशल मीडिया गमगीन, PM मोदी से लेकर गौतम अडानी तक ने यूं किया याद
फोर्ब्स के अनुसार, झुनझुनवाला की नेटवर्थ 5.8 अरब डॉलर थी। फोर्ब्स की 2021 की सूची के अनुसार, वह भारत के 36वें सबसे अमीर व्यक्ति थे। कई बार उनकी तुलना दिग्गज अमेरिकी निवेशक वॉरेन बफेट से की जाती थी। उन्हें भारतीय बाजारों का ‘बिग बुल’ भी कहा जाता था।
5,000 रुपये से शुरू किया था निवेश
राकेश झुनझुनवाला ने अपने कॉलेज के दिनों में भारतीय शेयर बाजारों में निवेश की शुरुआत मात्र 5,000 रुपये की पूंजी से की थी। उन्होंने हाल में जेट एयरवेज के पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विनय दुबे और इंडिगो के पूर्व प्रमुख आदित्य घोष के साथ मिलकर देश की नई किफायती एयरलाइन कंपनी 'अकासा एयर' की शुरुआत की। इस एयरलाइन ने एक हफ्ते पहले ही मुंबई से अहमदाबाद की उड़ान के साथ अपना परिचालन शुरू किया है।
चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) रहे झुनझुनवाला ने कंपनियों के खातों का ऑडिट करने के बजाय शेयर मार्केट की राह चुनी। 1985 में उन्होंने 5,000 रुपये की पूंजी के साथ इसकी शुरुआत की। उनके पोर्टफोलियो में स्टार हेल्थ, टाइटन, रैलिस इंडिया, केनरा बैंक, इंडियन होटल्स कंपनी, एग्रो टेक फूड्स, नजारा टेक्नोलॉजीज और टाटा मोटर्स शामिल हैं। उनका तीन दर्जन से ज्यादा कंपनियों में निवेश था। टाइटन, स्टार हेल्थ, टाटा मोटर्स और मेट्रो ब्रांड्स जैसी कंपनियों में उनकी बड़ी हिस्सेदारी थी।
Titan में है 5.5% हिस्सेदारी
झुनझुनवाला ने 1986 में टाटा टी के 5,000 शेयर 43 रुपये के भाव पर खरीदे। 3 महीने में यह शेयर 143 रुपये पर पहुंच गया। यह उनका पहला बड़ा मुनाफा था। 3 साल में उन्होंने 20 से 25 लाख रुपये की कमाई की। फिलहाल, अकेले टाइटन (Titan) में ही उनकी 5.05 प्रतिशत हिस्सेदारी का मूल्य 11,000 करोड़ रुपये है।
उनकी सबसे अधिक 23.37 फीसदी हिस्सेदारी एप्टेक लिमिटेड में है। स्टार हेल्थ एंड अलायड इंश्योरेंस कंपनी में उनकी 17.49 प्रतिशत, मेट्रो ब्रांड्स में 14.43 प्रतिशत, एनसीसी लिमिटेड में 2.62 फीसदी और नजारा टेक्नोलॉजीज में 10.03 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
वह हंगामा मीडिया और एप्टेक के चेयरमैन भी थे। वह कई कंपनियों के डायरेक्टर मंडल में भी शामिल थे। झुनझुनवाला ने जिस समय शेयर बाजारों में निवेश करना शुरू किया उस समय सेंसेक्स 150 अंक पर था। आज सेंसेक्स 59,000 अंक के स्तर पर मौजूद है। झुनझुनवाला का जन्म 5 जुलाई, 1960 को राजस्थान के परिवार में हुआ था। वह मुंबई में पले-बढ़े थे। मुंबई में उनके पिता इनकम टैक्स कमिश्नर थे।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।