Ram Sita: अयोध्या में भगवान श्री राम का मंदिर बनकर तैयार होने के करीब पहुंच गया है। अगले महीने इसके उद्घाटन किए जाने की घोषणा की गई है। इस बीच नेपाल के जनकपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। जनकपुर में कलाकारों ने अनाज से राम-सीता की तस्वीर बनाईं हैं। राम सीता की तस्वीर को बनाने में 101 क्विंटल अनाज का इस्तेमाल किया गया है। इसे बनाने के लिए 11 तरह के अनाजों का प्रयोग किया गया है। ये कलाकृति करीब 11011 वर्गफीट की बनाई गई है। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के कलाकारों ने इसे बनाया है।
दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर दुनिया की सबसे बड़ी तस्वीर है। भगवान राम और सीता की अनाज के दानों से तैयार दुनिया की सबसे बड़ी तस्वीर है। ये कलाकृति 121 बाय 91 फीट लंबी और चौड़ी है। इस कलाकृति को तैयार करने में एक दो नहीं बल्कि अलग-अलग 11 प्रकार के कुल 101 क्विंटल अनाज का प्रयोग किया गया है।
हरदा के कलाकारों ने बनाई तस्वीर
अनाज के दानों से तैयार भगवान राम और सीता की तस्वीर हरदा जिले से जनकपुर धाम पहुंचे कलाकारों ने तैयार की है। इसे हरदा के कलाकार सतीश गुर्जर की 11 सदस्यीय टीम ने तैयार किया है। इनमें यज्ञिनी गुर्जर, गोविंद पाटिल, रेचल चौधरी, ज्योति रायखेरे, अदिति अग्रवाल, राजनंदिनी पालीवाल, हर्ष कुशवाह, गुनगुन मिश्र, मनिका शाह एवं रामानंद शाह जैसे कलाकार शामिल हैं। भगवान राम और सीता के विवाह पंचमी में शामिल के लिए आने वाले भक्तों के बीच यह कलाकृति आकर्षण का केंद्र है। अब यह तस्वीर देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। बता दें कि शिल्पकार सतीश गुर्जर इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, अयोध्या में श्री सीता-राम की अनाज से कलाकृति बना चुके हैं।
किन-किन अनाजों का किया गया इस्तेमाल
इसमें चावल 25 क्विंटल, गेहूं 6 क्विंटल, काला उड़द 18 क्विंटल, चना दाल 4 क्विंटल, तुअर दाल 4 क्विंटल, मसूर दाल 4 क्विंटल, मक्का 3 क्विंटल, मूंगफली 2 क्विंटल और मूंग 12 क्विंटल इस्तेमाल किया गया। इसमें जिस रंग की जहां जरूरत पड़ी है। उस रंग के अनाज का इस्तेमाल किया गया है।