Russia Ukraine War Live Updates: रूस यूक्रेन के बीच जारी जंग का आज 13वां दिन है। एक तरफ जहां यूक्रेन रूस, दोनो देशों में से कोई भी एक झुकने को तैयार नहीं है वहीं दूसरी तरफ रूस के इस तरह हमले से कई देश उसके खिलाफ हो रहे हैं। युद्ध विराम को लेकर दोनों देशों के बीच बेलारूस में हुई तीसरे दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही है। रूसी सैनिक कीव, खारकीव, समेत कई शहरों पर रॉकेट और मिसाइलें दाग रहे हैं। यूक्रेन पर लगातार रूसी बमबारी के बीच लोग अपनी जान बचाने के लिए देश छोड़ रहे हैं। इनमें बच्चे, बुजुर्गों से लेकर बीमार तक शामिल हैं।
इस बीच UNSC की मीटिंग में रूस ने कहा है कि स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन के क्षेत्र से 1,68,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित रूप से रूस पहुंचाया गया है और पिछले 24 घंटों में 5,550 लोग बॉर्डर पार कर चुके हैं। हम यूक्रेन से आने वाले नागरिकों के लिए अस्थायी आवास बना रहे हैं। इस मीटिंग में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी.एस. तिरुमूर्ति ने कहा कि यूक्रेन में बिगड़ती स्थिति और आगामी मानवीय संकट पर हमें तत्काल ध्यान देना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र के अनुमान के अनुसार पिछले 11 दिनों में 15 लाख शरणार्थियों ने यूक्रेन के पड़ोसी देशों में शरण मांगी है।