हस्त नक्षत्र और इंद्र योग के संयोग में शारदीय नवरात्रि 3 अक्टूबर दिन गुरुवार से शुरू हो गई है। इस बार नवरात्र 3 से लेकर 112 अक्टूबर तक है। आदि शक्ति नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की नौ दिन अलग-अलग पूजा होती है। इस दौरान भक्त अपनी सामर्थ्य के अनुसार व्रत रखकर देवी की पूजा करते हैं। शास्त्रों में बताया गया है कि 9 दिन पूरे परिवार केसाथ विधि विधान से मां दुर्गा की पूजा अर्चना करने से धन धान्य की कमी नहीं होती और मां दुर्गा का परिवार पर आशीर्वाद बना रहता है। पहले दिन ही मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने के लिए मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है।
नवरात्रि का पर्व भारत में धूमधाम से मनाया जाता है। देवी के नौ रूपों की पूजा की जाती है। इसके लिए अनुष्ठान भी किए जाते हैं। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शारदीय नवरात्रि के पहले दिन झंडेवालान माता मंदिर में पारंपरिक आरती की गई। जिसमें बड़ी संख्या में भक्त इकट्ठा हुए। मंदिर में भक्तों का तांता लगा हुआ है।
पीएम मोदी ने महालया की दी बधाई
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2 अक्टूबर को महालया के मौके पर देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। महालया को दुर्गा पूजा की शुरुआत और पितृपक्ष का समापन माना जाता है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शुभ महालया! दुर्गा पूजा के करीब आने पर हम प्रार्थना करते हैं कि आशा, अच्छाई और सकारात्मकता हमेशा बनी रहे। मां दुर्गा हमें हमेशा खुशी, शक्ति और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद दें। बता दें कि महालया अमावस्या के अगले दिन यानी प्रतिपदा पर शारदीय नवरात्रि की शुरुआत होती है। शारदीय नवरात्रि की दुर्गा पूजा में महालया का विशेष स्थान होता है। महालया के दिन से ही दुर्गा पूजा की शुरुआत होती है। पश्चिम बंगाल में महालया बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है।
मुंबई के मुंबा देवी में भक्तों की भीड़
नवरात्रि के पहले दिन मुंबई के मुंबा देवी में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मुंबा देवी मुंबई की कुल देवी मानी जाती है। इसी वजह से मुंबई का नाम पड़ा है। मुंबा देवी और आई को मराठी में मां कहते हैं। मुंबा और आई मिलाकर मुंबई बना है।