अशनीर ग्रोवर ने कहा, "मैं शराब नहीं पीता, लेकिन आदत डालने वाली हर चीज होती है अच्छा बिजनेस"

Bhartpe के फाउंडर और शार्क टैंक इंडिया के जज Ashneer Grover शराब नहीं पीते हैं, लेकिन उन्होंने अपना अबतक का सबसे बड़ा निवेश एक बीयर कंपनी में किया हुआ है

अपडेटेड Feb 17, 2022 पर 6:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अशनीर ग्रोवर, भारतपे के फाउंडर और शार्क टैंक इंडिया के जज

भारतपे (Bhartpe) के फाउंडर और रियल्टी शो शार्क टैंक इंडिया (Shark Tank India) के जज अशनीर ग्रोवर (Ashneer Grover) कई मौकों पर यह कह चुके हैं कि वह शराब नहीं पीते हैं। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि उन्होंने खुद को शराब से दूर रखा है। भारतपे के फाउंडर ने हाल में बताया कि वह शराब नहीं पीते हैं, लेकिन वह "आदत बनाने वाली किसी भी चीज" में निवेश को अच्छा बिजनेस मानते हैं।

यूट्यूबर राज शमानी के साथ एक बातचीत में ग्रोवर ने कहा कि वह एक पंजाबी फैमिली से आते हैं, जहां वे बचपन से अपने आसपास लोगों को शराब पीते हुए देख रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मेरे डैड, अंकल, कजिन सभी पीते हैं और हमारे परिवार में यह एक आम बात है।'

उन्होंने बताया, "आमतौर पर ऐसी आदतें कॉलेज या हॉस्टल में लोगों को लगती है। लेकिन जब में IIT में गया तो, वहां जो मेरे दोस्त बने, उनमें से किसी की भी शराब में उतनी दिलचस्पी नहीं थी। ऐसे में उनके साथ रहते हुए मुझे कभी यह फील नहीं हुआ है, मुझे भी इसे पीना चाहिए।"


यह भी पढ़ें- Shark Tank India से मिली शोहरत भुनाने में लगे BharatPe के अशनीर ग्रोवर, यूं बना रहे अपनी अलग इमेज

ग्रोवर ने आगे खुलासा किया कि वह भले ही बिल्कुल शराब नहीं पीते हैं, लेकिन उनका अबतक का सबसे बड़ा निवेश एक बीयर कंपनी 'Bira 91' में किया हुआ है। उन्होंने बताया, "अभी तक का मेरा सबसे बड़ा निवेश बीरा में है और मैं पिछले 5 सालों से इस कंपनी में निवेश कर रहा हूं।"

शार्क टैंक इंडिया के जज ने आगे कहा, "मुझे लगता है जिस भी चीज की आदत पड़ती हो, वह अच्छा बिजनेस है। असल में, मैं शार्क टैंक इंडिया पर भी 'इन ए कैन' ब्रांड का आइडिया पेश करने वालों को लेकर उत्साहित था, क्योंकि मेरा मानना था कि इसमें आदत लगाने की क्षमता थी।" 'इन ए कैन' एक कॉकेटल कंपनी है, जिसने हाल में ही रियल्टी शो शॉर्क टैंक इंडिया पर अपने आइडिया को रखा, जिसके अशनीर ग्रोवर एक जज है।

इसी बातचीत के दौरान अशनीर ग्रोवर ने यह भी कहा कि वह भारतीय लोगों को दुनिया का सबसे बिगड़ैल कस्टमर्स मानते हैं। उन्होंने कहा, "भारतीय एक तरह से दुनिया के सबसे बिगड़ैल कस्टमर्स हैं। इन्हें सबकुछ कम से कम कीमत में चाहिए, कम साइज में चाहिए और तुरंत चाहिए होता है। यहां तक कि इन सबके बाद उन्हें डिस्काउंट भी चाहिए।"

दरअसल अशनीर भारत में ग्रॉसरी डिलीवरी के बिजनेस और ग्रोफर्स के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) के तौर पर उनके कार्यकाल के दौरान आई चुनौतियों के बारे में बात कर रहे थे, जिस दौरान उन्होंने यह टिप्पणी की। अशनीर ने बताया कि भारत में सभी उत्पादों का मैक्सिम रिटेल प्राइस (MRP) तय होना एक बड़ी चुनौती है, जिसका उन्हें सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोग यहां सर्विस के लिए पैसे नहीं देना चाहते हैं, वे सिर्फ प्रोडक्ट के लिए ही पैसा देते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।