VIDEO: इंदौर में पालतू कुत्तों को लेकर खूनी संघर्ष! बैंक के गार्ड ने 8 लोगों पर बरसाईं गोलियां, दो की मौत

VIDEO: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पालतू कुत्तों को लेकर हुई बहस के बाद एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसियों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इंदौर में पालतू कुत्तों के झगड़े में गुरुवार देर रात एक बैंक के सुरक्षा गार्ड की गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य व्यक्ति घायल हो गए। आरोपी बैंक ऑफ बड़ौदा की एक स्थानीय ब्रांच में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता है

अपडेटेड Aug 18, 2023 पर 11:34 AM
Story continues below Advertisement
VIDEO: विवाद की शुरुआत तब हुई, जब आरोपी कृष्णबाग कॉलोनी में अपना पालतू कुत्ता घुमा रहा था

मध्य प्रदेश के इंदौर (Madhya Pradesh Indore) से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पालतू कुत्तों को लेकर हुई बहस के बाद एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसियों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इंदौर में पालतू कुत्तों के झगड़े में गुरुवार देर रात एक बैंक के सुरक्षा गार्ड की गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य व्यक्ति घायल हो गए। बैंक ऑफ बड़ौदा की एक स्थानीय ब्रांच में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात राजपाल राजावत ने पालतू कुत्तों के झगड़ने के विवाद में खजराना थाना क्षेत्र में गुरुवार देर अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोलीबारी की। गोलीबारी में विमल (35) और राहुल वर्मा (28) की मौत हो गई, जबकि छह घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

इंदौर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने ANI को बताया, "एक आदमी अपने कुत्ते को घुमा रहा था। इस दौरान उसका कुत्ता अपने पड़ोसी के कुत्ते से लड़ गया। इसके कारण मालिकों के बीच हाथापाई हो गई। लड़ाई के कारण कुछ लोग वहां इकट्ठा हो गए। वह आदमी अचानक अपने घर गया और बंदूक लेकर आया तथा गोली चला दी। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई और 6 लोगों का इलाज चल रहा है। गोली चलाने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।"

उन्होंने कहा कि विवाद की शुरुआत तब हुई, जब राजावत कृष्णबाग कॉलोनी में अपना पालतू कुत्ता घुमा रहा था। यह कुत्ता एक अन्य पड़ोसी के कुत्ते से झगड़ने लगा जिससे दोनों पड़ोसियों के बीच बहस शुरू हो गई। अधिकारी ने बताया कि विवाद इतना बढ़ा कि राजावत अपने घर गया और छत पर खड़े होकर पहले हवा में दो बार गोली चलाई और बाद में नीचे सड़क पर खड़े लोगों पर गोलियां चलाईं।


उन्होंने बताया कि गोलीबारी के आरोपी सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी 12 बोर की दो बैरल वाली बंदूक भी बरामद कर ली गई है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि घटनाक्रम से जुड़े दोनों पड़ोसी पक्षों के बीच कोई पुराना झगड़ा नहीं था और गोलीबारी की वारदात कुत्तों की लड़ाई के तात्कालिक विवाद को लेकर हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- Zero Shadow Day 2023: जानें, क्यों आज परछाई छोड़ देगी आपका साथ? 'जीरो शैडो डे' पर बेंगलुरु में दिखेगा अद्भुत नजारा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।