Shraddha Murder Case: दिल्ली के महरौली (Mehrauli Murder Case) में अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वालकर (Shraddha Walkar) के 35 टुकड़े करने वाला आरोपी आफताब अमीन पूनावाला (Aftab Amin Poonawalla) पर सनक किस हद तक सवार थी, इसका खुलासा एक ताजा रिपोर्ट में हुआ है। महरौली के एक फ्लैट में 28 वर्षीय आफताब ने अपने लिव-इन पार्टनर और मुंबई निवासी श्रद्धा की 18 मई को बेरहमी से हत्या कर दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, संदेह से बचने के लिए आरोपी आफताब श्रद्धा का शव काटते वक्त रात में ही वॉटर पंप (Water Pump) चला देता था। आफताब के पड़ोसियों ने CNN-News18 को बताया कि रात में बेवक्त पानी का पंप चालू हो जाया करता था।
पूनावाला की गिरफ्तारी के साथ पूरे देश को झकझोर देने वाले इस मामले का डिटेल्स शनिवार 12 नवंबर को सामने आया। इस वीभत्स हत्याकांड में आफताब ने अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा की पहले गला घोंटकर कथित रूप से हत्या कर दी। फिर, उसके शव के करीब 35 टुकड़े कर उन्हें लगभग तीन सप्ताह तक 300 लीटर की क्षमता वाले फ्रिज में रखा एवं एक के बाद एक कर उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में फेंक दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आफताब अमीन पूनावाला की गिरफ्तारी के बाद यह नृशंसा घटना छह माह बाद सामने आई। पुलिस के अनुसार, पूनावाला काफी "तेज दिमाग" का है। वह पुलिस के सभी सवालों का जवाब अंग्रेजी में दे रहा था। हालांकि, वह हिंदी भी जानता था। ऐसा संदेह है कि पूनावाला खून के धब्बों को धोने के लिए पानी के पंप को चालू करता था, क्योंकि उसने श्रद्धा के शरीर को 35 टूकड़ों में काट दिया था। संदेह से बचने के लिए उसने रात में ऐसा किया था।
आरोपी को उस जगह ले जाया गया, जहां उसने शव के टुकड़े फेंके थे
दिल्ली पुलिस अपनी लिव इन पार्टनर की हत्या के आरोपी आफताब को मंगलवार 15 नवंबर को छतरपुर के जंगल में ले गई, जहां उसने कथित रूप से शव के टुकड़े फेंके थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस हत्या की जांच के तहत आरोपी आफताब अमीन पूनावाला को छतरपुर के जंगल के अलावा शहर के कुछ अन्य स्थानों पर ले जाया जाएगा। जब पूनावाला को पुलिसकर्मी जंगल में ले गए, तब उसका चेहरा कपड़े से ढ़का था। कैमरामैन एवं पत्रकार उसका फोटो एवं बयान लेने के लिए आपाधापी कर रहे थे।
पूनावाला ने जांच के दौरान पुलिस को बताया कि शादी को लेकर झगड़ा होने के बाद उसने अपनी साथी श्रद्धा वाकर को मार डाला। उसके शव को टुकड़ों में काटने का विचार उसे एक अमेरिकी टेलीविजन सीरीज ‘डेक्सटर (Dexter)’ से आया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने शव के टुकड़ों को रखने के लिए एक फ्रिज खरीदा तथा वह इन टुकड़ों को फेंकने के लिए आधी रात को निकलता था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने इन टुकड़ों को फेंकने की योजना इस आधार पर सावधानीपूर्वक बनाई थी कि शरीर का कौन सा हिस्सा जल्द से जल्द सड़ना शुरू हो जाता है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जिन इलाकों में शव के टुकड़ों को फेंकने की जानकारी दी, वहां से 13 टुकड़े बरामद किए गए हैं। हालांकि, फॉरेंसिक जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी कि क्या ये पीड़िता से जुड़े हैं। पुलिस को अभी तक हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार नहीं मिला है।
डेटिंग ऐप के जरिए संपर्क में आए
पुलिस ने बताया कि पूनावाला और श्रद्धा ऑनलाइन डेटिंग ऐप के माध्यम से एक दूसरे के संपर्क में आए और बाद में दोनों मुंबई में एक कॉल सेंटर में काम करने लगे एवं दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया। पुलिस का कहना है कि लेकिन जब उनके परिवारों ने दोनों के अलग-अलग धर्म होने के कारण इस रिश्ते का विरोध किया तब यह कपल इस साल मई में दक्षिण दिल्ली के महरौली आ गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-प्रथम (दक्षिण जिला) अंकित चौहान ने बताया कि मध्य मई में शादी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद मं बढ़ गई। इसके बाद पूनावाला ने श्रद्धा की हत्या कर दी। चौहान ने बताया कि पूनावाला के साथ अपने रिश्ते को लेकर मतभेद के चलते श्रद्धा की अपने परिवारवालों से ठीक से बातचीत भी नहीं होती थी। मुंबई में श्रद्धा के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पूनावाला श्रद्धा के साथ मारपीट करता था और उसने पहले यह बात अपने परिवार को बताई थी।
चौहान ने कहा कि जब महिला के पिता ने आरोपी को फोन किया तब उन्हें बताया गया कि दोनों कुछ समय पहले अलग हो गये। अपनी बेटी से संपर्क नहीं कर पाने पर उन्होंने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी। शिकायत मिलने के बाद, मुंबई पुलिस को श्रद्धा की अंतिम लोकेशन के रूप में दिल्ली का पता लगा और आफताब को भी फोन किया। लेकिन उसके विरोधाभासी बयानों से संदेह पैदा हुआ, जिसके बाद उसने (मुंबई पुलिस ने) दिल्ली पुलिस को अपने साथ लिया।