Shraddha Walkar murder case: दिल्ली में 35 टुकड़े होने वाली श्रद्धा वालकर के पिता विकास वालकर का मुंबई में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि श्रद्धा के पिता की हार्ट अटैक से मौत हुई है। वह मुंबई से सटे वसई इलाके में रहते थे। विकास वालकर के करीबी लोगों के मुताबिक, हार्ट अटैक आने से उनका निधन हुआ। वह लंबे समय से डिप्रेशन में थे, क्योंकि उन्हें अभी तक अपनी बेटी श्रद्धा की अस्थियां नहीं मिली थीं। उनकी आखिरी ख्वाहिश थी कि वह अपनी बेटी की अस्थियों का अंतिम संस्कार करें। हालांकि, कोर्ट में श्रद्धा केस की सुनवाई लंबित होने की वजह से अस्थियां नहीं मिल पाई हैं।
दिल्ली के चर्चित श्रद्धा वालकर हत्याकांड ने पूरे देश को हिला के रख दिया था। श्रद्धा की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर आफताब पूनावाला ने दिल्ली में की थी। उसके बाद श्रद्धा के शव के 35 टुकड़े करके फेंक दिए थे। श्रद्धा और आफताब दोनों ही दिल्ली में लिव-इन रिलेशनशिप में रहते थे। श्रद्धा की हत्या 18 मई 2022 को उसके लिव-इन पार्टनर ने की थी। उसने उसका गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी।
इससे पहले वह दोनों मुंबई के वसई में साथ रहते थे। बताया जाता है कि आफताब, श्रद्धा की पिटाई करता था। इस मामले की शिकायत श्रद्धा ने पालघर जिले के तूलिंज पुलिस थाने में पत्र लिखकर की थी। श्रद्धा ने अपनी शिकायत में बताया था कि आफताब उसे धमकी देता है कि वह उसके टुकड़े-टुकड़े करके फेंक देगा।
हालांकि, इतना होने के बावजूद वह दोनों बाद में वसई से दिल्ली शिफ्ट हो गए। इसके बाद आफताब ने श्रद्धा की हत्या कर दी और उसके शव को फ्रिज में रखा था। बाद में शव के टुकड़े-टुकड़े करके उसे फेंक देता था। मामले का खुलासा 12 नवंबर 2022 को तब हुआ जब वह शव का एक टुकड़ा फेंकने गया।
पुलिस ने उसे हिरासत में ले पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। आरोपी ने माना कि श्रद्धा का कत्ल उसने 18 मई 2022 को ही कर दिया था। उसके टुकड़े वह महरौली के जंगल में एक-एक कर फेंक रहा था। छानबीन में पुलिस के हाथ भी केवल कुछ हिस्से लगे।
DNA टेस्ट में पता चला कि ये श्रद्धा के ही थे। इस मामले में केस चला और आफताब अब भी दिल्ली की जेल में बंद है। उसे अभी तक सजा नहीं सुनाई गई है। पिता को बेटी की मौत के बाद उसकी अस्थियों का इंतजार था। लेकिन कानूनी प्रक्रियाओं में मामला उलझने के कारण उन्हें अस्थियां नहीं मिल पाई।
इस हत्याकांडने लोगों की रूह कंपा दी थी। पूरे देश में इस घटना को लेकर काफी हंगामा हुआ था। विकास ने कोर्ट में गवाही दी थी कि आफताब ने उसके सामने कबूल किया था कि उसने श्रद्धा की कलाई काटने के लिए दो चाकू, एक हथौड़ा और एक फावड़ा खरीदा था। मृतक के भाई ने भी कोर्ट को बताया था कि श्रद्धा ने उससे कहा था कि आफताब ने उसके साथ मारपीट की है। पिता ने आरोपी के लिए मौत की सजा की मांग की थी।