मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड (Sidhu Moose Wala Murder) का मास्टरमाइंड गैंगस्टर गोल्डी बरार (Goldy Brar) कैलिफोर्निया (California) में फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के रडार पर है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि मूसेवाला हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर गोल्डी बरार को कैलिफोर्निया में गिरासत में ले लिया गया है। हालांकि, अभी तक इस मामले में कैलिफोर्निया सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
दूसरी तरफ भारतीय खुफिया एजेंसियों के सूत्रों ने CNN News18 को बताया कि मूसेवाला की दिनदहाड़े हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला बरार को न तो हिरासत में लिया गया और न ही पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हालांकि, वह अमेरिका के कैलिफोर्निया में FBI की निगरानी में है।
कैलिफोर्निया में अधिकारियों ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) बरार के निर्वासन के लिए औपचारिक रूप से अनुरोध करेगी। सूत्रों ने कहा कि इसके खिलाफ मामला दर्ज करने में समय लगेगा।
पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला सतिंदरजीत सिंह उर्फ बरार 2017 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया था। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य है। बरार पिछले महीने डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी की हत्या में भी एक प्रमुख साजिशकर्ता है।
पिता ने केंद्र से की ये अपील
एक दिन पहले मूसेवाला के पिता ने केंद्र सरकार से बरार की गिरफ्तारी में मदद करने वाली किसी भी सूचना के लिए 2 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा करने की मांग की थी। सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने गुरुवार को केंद्र सरकार से मांग की कि उनके बेटे की हत्या के षड्यंत्रकारी एवं कनाडा स्थित ‘गैंगस्टर’ गोल्डी बरार की गिरफ्तारी में मदद करने वाली कोई सूचना देने वाले को दो करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की जाए।
सिंह ने कहा कि अगर सरकार इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थ है, तो वह अपनी जेब से इनाम देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं वादा करता हूं कि अगर वह (सरकार) इतनी राशि नहीं दे सकती है, तो मैं अपनी जेब से पैसे दूंगा, भले ही मुझे अपनी जमीन बेचनी पड़े।’
सिंह ने अमृतसर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऑस्ट्रेलियाई पुलिस का एक उदाहरण दिया, जिसने चार साल पहले एक महिला की हत्या करने के बाद वहां से भाग गए भारतीय मूल के एक नागरिक की गिरफ्तारी के लिए 10 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के इनाम की घोषणा की थी।
सिंह ने मांग की कि बरार को भारत लाया जाना चाहिए, ताकि वह अपने अपराधों के लिए यहां कानून का सामना कर सके। सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुभदीप सिंह सिद्धू की 29 मई को पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य बरार ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी।