Akasa Air की फ्लाइट में 'बीड़ी' पीने के आरोप में यात्री गिरफ्तार, कहा- 'ट्रेन में तो हमेशा पीता हूं फिर...'

Smoking in Flight: जानकारी के मुताबिक, हवाई यात्री को बीड़ी पीने की ऐसी तलब उठी कि उसने बीच हवा में उड़ते फ्लाइट में बीड़ी जला दी और पीने लगा। जब प्‍लेन में धुआं उठने लगा तो यह देख फ्लाइट में सवार यात्रियों के होश उड़ गए। इसके तुरंत बाद क्रू ने उसे ऐसा करने से रोका। जब वह नहीं माना तो बेंगलुरु एयरपोर्ट पर फ्लाइट के उतरते ही यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया गया

अपडेटेड May 17, 2023 पर 3:11 PM
यात्री को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (KIA) पर प्लेन में बीड़ी पीने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया

अहमदाबाद से बेंगलुरु जा रही अकासा एयर (Akasa Air) की फ्लाइट में सवार एक 56 वर्षीय हवाई यात्री को प्लेन के अंदर बीड़ी (Beedi) पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जब फ्लाइट बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंड की तो यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने जब आरोपी शख्स से पूछताछ कि तो उसकी बात सुन पुलिसवालों के होश उड़ गए। उसने बताया कि वह ट्रेन में सफर करते हुए अक्सर बीड़ी पी लेता है, तो उसे लगा कि हवाई जहाज में भी पी सकते हैं। संभवत: यह पहली बार है जब किसी हवाई यात्री को बीड़ी पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, हवाई यात्री को बीड़ी पीने की ऐसी तलब उठी कि उसने बीच हवा में उड़ते फ्लाइट में बीड़ी (Smoking in Flight) जला दी और पीने लगा। जब प्‍लेन में धुआं उठने लगा तो यह देख फ्लाइट में सवार यात्रियों के होश उड़ गए। इसके तुरंत बाद क्रू ने उसे ऐसा करने से रोका। जब वह नहीं माना तो बेंगलुरु एयरपोर्ट पर फ्लाइट के उतरते ही यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

इंडिया टुडे के मुताबिक, यात्री को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (KIA) पर प्लेन में बीड़ी पीने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद एयरलाइंस के ड्यूटी मैनेजर ने KIA पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शख्स पर साथी यात्रियों की जान जोखिम में डालने का आरोप लगाया गया है।


कौन है यात्री?

राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र के रहने वाले आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। वह अहमदाबाद में फ्लाइट में सवार हुए थे। एयरलाइंस के चालक दल के सदस्यों द्वारा उसे शौचालय में धूम्रपान करते हुए पाया गया। बाद में कुमार को बेंगलुरु सेंट्रल जेल भेज दिया गया जहां उन्होंने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह जीवन में पहली बार प्लेन में सफर कर रहा था। इस वजह से उसे नियमों के बारे में नहीं पता था।

इंडिया टुडे के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस को बताया, "मैं नियमित रूप से ट्रेन से यात्रा करता हूं और शौचालय के अंदर धूम्रपान करता हूं। यह सोचकर कि मैं यहां भी ऐसा कर सकता हूं, मैंने बीड़ी पीने का फैसला किया।"

ये भी पढ़ें- तमिलनाडु में जहरीली शराब पीने से 22 लोगों की मौत, 50 से अधिक अस्पताल में भर्ती, NHRC ने भेजा नोटिस

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि सुरक्षा तलाशी के दौरान सिगरेट का पता लगाने में विफल रहना एक गंभीर चूक है। अधिकारी ने कहा, "इनका आसानी से पता चल जाता है। इस तरह की घटना की एकमात्र वजह तलाशी में नाकामी है।" बता दें कि इस साल की शुरुआत में प्लाइट में सिगरेट जलाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।