Sonali Phogat Death: सोनाली फोगाट की मौत के पीछे साजिश की आ रही बू! भाई ने PA पर लगाए सनसनीखेज आरोप

सोनाली फोगट के भाई ने गोवा पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें दावा किया गया है कि उनकी बहन की हत्या उनके दो सहयोगियों ने की है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है

अपडेटेड Aug 24, 2022 पर 7:34 PM
गोवा पुलिस ने एक अस्पताल में सोनाली फोगाट की मौत के बाद अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है

Sonali Phogat Death: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट की मौत मामले में एक नया मोड़ आ गया है। सोनाली के घरवालों ने जो तहरीर गोवा के पुलिस थाने में दी है, उसमें कई तरह के सनसनीखेज आरोप दो लोगों पर लगाए गए हैं। शिकायत में सोनाली के यौन शोषण और उनकी संपत्ति पर कब्जा करने जैसे गंभी आरोप इस मामले को पेचीदा बना रहे हैं।

सोनाली फोगट के भाई ने गोवा पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें दावा किया गया है कि उनकी बहन की हत्या उनके दो सहयोगियों ने की है। फोगट के भाई रिंकू ढाका ने आरोप लगाया कि मौत से कुछ समय पहले फोगट ने अपनी मां, बहन और जीजा से बात की थी।

ये भी पढ़ें- Bihar Floor Test Live Updates: फ्लोर टेस्ट में पास हुए नीतीश कुमार, 160 विधायकों ने पक्ष में किया वोट


इस दौरान वह काफी परेशान थी और उसने अपने दो सहयोगियों के खिलाफ परिवार से शिकायत की थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि हरियाणा में उनके फार्महाउस से सीसीटीवी कैमरे, लैपटॉप और अन्य महत्वपूर्ण चीजें उनकी मौत के बाद गायब हो गई हैं।

'रेप का वीडियो बना करता था ब्लैकमेल'

न्यूज 18 के मुताबिक, रिंकू ढाका ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बहन ने बताया था कि 3 साल पहले पीए सुधीर सांगवान ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ साथ बार-बार दुष्कर्म किया और उसका वीडियो भी बना लिया। भाई का आरोप है कि सांगवान उसकी बहन को वीडिया वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था।

सोनाली के भाई ने आरोप लगाया है कि सुधीर सांगवान ने उनकी बहन को धमकी देते हुए कहा था कि अगर तुमने किसी को कुछ बताया तो मैं तुम्हारा फिल्मी और राजनीतिक करियर खत्म कर दूंगा। इसके बाद से उसने इतना दबाव बना दिया था कि सोनाली ने रिश्तेदारों और घरवालों से डर के कारण बातचीत करना कम कर दिया था।

फिलहाल, सोनाली फोगाट का शव गोवा में ही है। शव के पोस्टमार्टम पर अभी पेंच फंसा हुआ है, क्योंकि उनके परिजनों का कहना है कि जब तक दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होगी, वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। फोगट के परिजन मंगलवार रात गोवा पहुंच गए।

गोवा में दिल का दौरा पड़ने से हुआ निधन

हरियाणा के हिसार जिले से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता एवं अभिनेत्री सोनाली फोगाट का गोवा में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 42 वर्ष की थी। ‘टिकटॉक’ पर वीडियो बनाने के लिए मशहूर फोगाट 2019 में बीजेपी में शामिल हुईं थी। फोगाट ने कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह जीत दर्ज नहीं कर पाई थीं। बिश्नोई तब कांग्रेस में थे, हालांकि हाल ही में वह बीजेपी में शामिल हो गए हैं।

अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज

उत्तर गोवा के अंजुना के एक अस्पताल में सोनाली फोगाट की मौत के बाद पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस उपाधीक्षक (मापुसा) जिवबा दलवी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह 22 अगस्त को गोवा आई थीं और अंजुना के एक होटल में ठहरी थीं। मंगलवार सुबह उन्हें होटल में बेचैनी होने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

डीएसपी ने कहा कि अंजुना में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और अंजुना पुलिस ने पोस्टमॉर्टम जांच के लिए डॉक्टरों की एक समिति गठित करने को लेकर गोवा मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग को पत्र लिखा है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।